वेलिगंटन टेस्ट में न्यूजीलैंड की पलटवार के बाद पहले दिन की पूरी चर्चा मोहम्मद सिराज को XI से बाहर बैठाने के इर्द-गिर्द सिमटकर रह गई है. वहीं, हैरानी की बात यह रही कि गावस्कर को छोड़कर कि किसी और दिग्गज ने सबसे बड़े ब्लंडर पर नहीं बोला कि क्यों गुरनूर बरार को ऐसे समय टेस्ट कैप नहीं दी गई, जब उनकी उछाल, पेस और स्विंग ने हाल ही में वनडे में कीवी बल्लेबाजों को खासा परेशान किया. बहरहाल, पहले दिन के खेल के बाद बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से मोहम्मद सिराज को बाहर रखने के फैसले का बचाव किया. उन्होंने जोर देकर कहा कि चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने सर्वश्रेष्ठ संभावित संयोजन चुना था. यह बात कोटक तब कह रहे हैं, जब पेस अटैक को लेकर शास्त्री से लेकर गावस्कर तक सवाल खड़े कर रहे हैं.
यह भी पढे़ं: सिराज भारत के टॉप-4 गेंदबाजों में भी नहीं? गावस्कर ने उठाया अनदेखी पर सवाल
यह भी पढ़ें: 'यह बहुत ही हैरानी भरा', सिराज को बाहर रखने पर शास्त्री और सहवाग बुरी तरह भड़के
हमारे दो पेसर स्विंगर, दो सीमर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिराज को बाहर रखे जाने के बारे में पूछे जाने पर, कोटक ने चयन के फैसले का समर्थन किया और कहा कि टीम प्रबंधन ने अपनी सर्वश्रेष्ठ एकादश तय करते समय परिस्थितियों और प्रतिद्वंद्वी टीम को ध्यान में रखा था. कोटक ने कहा, 'मुझे लगता है कि जिस समय वे टीम चुनते हैं, वे सर्वश्रेष्ठ एकादश के बारे में सोचते हैं और वही खेली. सिराज में कोई खामी नहीं है, लेकन उन्होंने सबसे अच्छी संभावित एकादश के बारे में सोचा और खेला. श्रीलंका की परिस्थितियां अलग थीं. सिराज को बाहर करने का फैसला गलत नहीं है.'
कोटक ने भारत के गेंदबाज़ी संयोजन के पीछे की सोच भी समझाई. उन्होंने तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण द्वारा पेश किए जाने वाले अलग-अलग कौशलों की ओर इशारा किया और वॉशिंगटन सुंदर को शामिल करने के फैसले के पीछे बताया कि न्यूज़ीलैंड की एकादश में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज़ थे.
उन्होंने आगे कहा, 'मौजूदा आक्रमण के संदर्भ में दो गेंदबाज़ गेंद को अच्छी तरह स्विंग कराते हैं और दो गेंद को अच्छी तरह सीम कराते हैं और उनमें गति है. जब आप एकादश चुनते हैं, तो आप सभी दिनों के बारे में सोचते हैं. हमने विपक्षी एकादश में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज़ों के कारण वॉशी को चुना.' हालांकि, यह फैसला चर्चा के केंद्र में आ गया क्योंकि बुमराह ने न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ों को बार-बार परेशान किया, जबकि नई गेंद की चमक फीकी पड़ने के बाद अन्य भारतीय गेंदबाज़ दबाव बनाए रखने के लिए संघर्ष करते दिखे.
'प्रसिद्ध एक आक्रामक गेंदबाज़ हैं'
कोटक ने प्रसिद्ध का भी बचाव किया, जिनके महंगे स्पेल में बाउंड्री लगाने वाली कई गेंदें शामिल थीं. साथ ही कहा कि कर्नाटक के यह तेज़ गेंदबाज़ एक आक्रामक विकल्प थे जो विकेट की तलाश में महंगे साबित हो सकते हैं. कोटक ने कहा, 'प्रसिद्ध एक आक्रामक गेंदबाज़ हैं और उनके खिलाफ रन बन सकते हैं. लोगों को तब अच्छा लगता है जब वह विकेट लेते हैं, और तब नहीं जब उनके खिलाफ रन बनते हैं.' कोटक को लगा कि भारत के पास और विकेट चटकाने का मौका था, खासकर निकोल्स को आउट करने का एक मौका हाथ से निकल जाने के साथ.
उन्होंने कहा, 'नई गेंद से पिच से मदद मिली, मौसम अच्छा और धूप वाला था. इसलिए पिच सूख गई. हमें वह कैच लपक लेना चाहिए था, ऋषभ पंत कैच के लिए गए थे लेकिन वह देवदत्त पडिक्कल के करीब था.' निकोल्स अंततः अपना 12वां टेस्ट शतक पूरा करने में सफल रहे, जबकि फिलिप्स ने जवाबी हमला जारी रखा और भारतीय गेंदबाज़ी आक्रमण की शुरुआती धार खत्म हो गई. बुमराह ही एकमात्र ऐसे गेंदबाज़ थे जो लगातार खतरा बने रहे. इससे एक बेहद आशाजनक शुरुआत के बाद नियंत्रण गंवाने के बाद भारत के सामने सोच-विचार करने के लिए काफी कुछ बच गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं