DSP MLA Viral VIDEO: उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ की कोल सीट से भाजपा विधायक अनिल पाराशर और डीएसपी अमित पाठक के बीच तीखी बहस हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में एक तरफ विधायक अनिल पाराशर जहां डीएसपी को तमीज सीखने, हैसियत नहीं भूलने, दिमाग सही रखने और वर्दी का सम्मान करने की नसीहत देते दिख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर डीएसपी अमित पाठक उनसे काफिले में शामिल वाहनों की सही जानकारी उपलब्ध कराने की बात कहते नजर आ रहे हैं.
हरियाली तीज पर बांके बिहारी दर्शन के दौरान हुआ विवाद
यूपी में विधायक और डीएसपी के बीच बहस का यह पूरा वीडियो वृंदावन का है. घटना 15 अगस्त 2026 की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है. दरअसल, विधायक अनिल पाराशर बांके बिहारी मंदिर के दर्शन के लिए वृंदावन आए थे. उसी दिन हरियाली तीज होने के कारण श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए वृंदावन पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर रखी थी.
सौ शैया तिराहे पर चेकिंग को लेकर कहासुनी
शाम करीब आठ बजे जब विधायक अनिल पाराशर का काफिला वृंदावन में सौ शैया तिराहे से गुजर रहा था, तब ड्यूटी पर तैनात डीएसपी अमित पाठक ने गाड़ियों की एंट्री को लेकर जानकारी मांगी. इस पर विधायक नाराज हो गए और दोनों के बीच कहासुनी हो गई.
सत्ता का ऐसा नशा की ड्यूटी पर तैनात डीसीपी को दे डाली वर्दी उतरवाने की धमकी,,भाजपा विधायक अनिल पारासर और डीएसपी अमित पाठक के बीच हुई गरमा गर्मी ,,,
— TANVIR RANGREZ (@virjust18) August 16, 2026
मथुरा के वृंदावन में BJP विधायक अनिल पाराशर और ड्यूटी पर तैनात DSP अमित पाठक के बीच तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा… pic.twitter.com/5vv1C8zqnm
तानाशाही का आरोप बनाम अधूरी जानकारी
इस दौरान विधायक अनिल पाराशर ने पुलिस पर तानाशाही का आरोप लगाया और डीएसपी अमित पाठक के व्यवहार पर सवाल उठाए. वहीं अमित पाठक ने भी काफिले की गाड़ियों की अधूरी जानकारी उपलब्ध कराए जाने की बात कही. उन्होंने कहा कि एंट्री के लिए विधायक की तरफ से सिर्फ एक गाड़ी की जानकारी दी गई थी, जबकि उनके काफिले में 3 गाड़ियां शामिल थीं. मौके पर मौजूद दूसरे पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करके मामला शांत करवाया, जिसके बाद विधायक अपनी गाड़ी में सवार होकर बांके बिहारी के दर्शन के लिए रवाना हो गए.
कौन हैं डीएसपी अमित पाठक?
वृंदावन में विधायक के साथ तीखी बहस के बाद चर्चा में आए डीएसपी अमित पाठक मूल रूप से मथुरा के रहने वाले हैं. 25 दिसंबर 1995 को जन्मे अमित पाठक यूपी पुलिस के 2022 बैच के अधिकारी हैं. वर्तमान में अमित पाठक हाथरस के सिकंदराराऊ सर्कल में तैनात हैं.
कौन हैं विधायक अनिल पाराशर?
5 सितंबर 1971 को जन्मे अनिल पाराशर अलीगढ़ के रहने वाले हैं और वे अलीगढ़ की कोल विधानसभा सीट से 2017 से लगातार भाजपा विधायक हैं. यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में अनिल पाराशर ने 1,08,067 वोट हासिल करते हुए सपा के शाज इशाक को 5,028 वोटों से हराया था. वहीं, साल 2017 के यूपी चुनाव में अनिल पाराशर को 93,814 वोट मिले थे और उन्होंने शाज इशाक को 50,963 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी.
IAS पति जिस कुर्सी पर 2 साल बैठे, अब वहां पत्नी पल्लवी जैन की तैनाती, जानें कौन है ब्यूरोक्रेसी का यह पावर कपल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं