विज्ञापन

पुलिस की वर्दी की चाहत में दांव पर लगा दी भाई की सरकारी नौकरी, अब दोनों पहुंच गए जेल

कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में अपनी जगह छोटे भाई को परीक्षा देने के लिए भेज दिया. अब पुलिस ने इस तरह का फर्जीवाड़ा करने के लिए बड़ी कार्रवाई की है.

पुलिस की वर्दी की चाहत में दांव पर लगा दी भाई की सरकारी नौकरी, अब दोनों पहुंच गए जेल
पुलिस की वर्दी की चाहत में दांव पर लगा दी भाई की नौकरी

राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में पैसे लेकर दूसरे की जगह बैठने वालों के खिलाफ एक्शन जारी है. आए दिन SOG व पुलिस की अन्य टीमें डमी कैंडिडेट को गिरफ्तार कर रही हैं. अब जयपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने छोटे भाई को 2020 की कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में अपनी जगह भेजा था. गिरफ्तार आरोपी सोनू यादव पुत्र अशोक कुमार यादव कोटपूतली जिले के नीमराणा में शिवदानसिंहपुरा गांव का रहने वाला है. वह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था. जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस भी लगातार दबिश दे रही थी. 

7 नवंबर 2020 को हुई थी परीक्षा

पुलिस के अनुसार, राजस्थान पुलिस विभाग की कांस्टेबल भर्ती-2019 की लिखित परीक्षा 7 नवंबर 2020 को चौधरी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जनता नगर, रांकड़ी, सोडाला में आयोजित हुई थी. इस परीक्षा में जीआरपी (GRP) अजमेर के लिए आवंटित रोल नंबर 319270662 पर सोनू यादव के स्थान पर उसका भाई मनोज कुमार यादव डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा में शामिल हुआ था.

आरोपी भाई कांस्टेबल के पद पर था तैनात

इसको लेकर पुलिस मुख्यालय राजस्थान के भर्ती अनुभाग के सहायक प्रशासनिक अधिकारी संजय यादव की रिपोर्ट पर सोडाला थाने में वर्ष 2021 में मामला दर्ज किया गया था. घटना के समय मनोज भिवाड़ी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात था, जबकि वर्तमान में वह ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत था.

पुलिस ने मामले में धारा 419, 467, 468, 471 और 120बी आईपीसी के तहत जांच शुरू की थी. पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी मनोज कुमार यादव को 28 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है.

वहीं, मुख्य आरोपी सोनू यादव घटना के बाद से फरार चल रहा था. काफी प्रयासों के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज के निर्देश पर फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान के तहत टीम गठित की गई.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस कर रही पूछताछ

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा के निर्देशन में एसीपी सोडाला सतेन्द्र सिंह नेगी और थानाधिकारी मनोज बेरवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय संसाधनों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की. संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपी से मामले में आगे पूछताछ कर रही है.

यह भी पढे़ं-

15 अगस्त को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर PAK नागरिक को BSF ने दबोचा

सियासत के जादूगर का बेटा बनेगा मैजिशियन? अशोक गहलोत ने बेटे और पोती को दी ये सलाह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Rajasthan Dummy Candidate, Dummy Candidate, Dummy Candidate Arrest, Constable Bharti Exam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com