विज्ञापन

गोरखपुर में 1 लाख का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल एनकाउंटर में ढेर, STF की बड़ी कार्रवाई

यूपी एसटीएफ ने गोरखपुर में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू को एनकाउंटर में ढेर कर द‍िया है.

गोरखपुर में 1 लाख का इनामी बदमाश मुस्तफिजुल एनकाउंटर में ढेर, STF की बड़ी कार्रवाई
  • बदमाश पर बसपा नेता की फरवरी 2021 में गोली मारकर हत्या करने का आरोप था
  • यूपी और महाराष्ट्र में दर्ज हत्या और डकैती समेत 10 आपराधिक मामलों में वांछित था
  • अमरावती रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से कूदकर वह फरार हो गया था बदमाश

गोरखपुर जिले में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक नेता की हत्या का आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया. 

गीडा क्षेत्र की पुलिस क्षेत्राधिकारी कीर्ति निधि आनंद ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर रात गोरखपुर-कुशीनगर रूट पर रामनगर-करजहा के पास एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से मुस्तफिजुल नामक कुख्यात बदमाश मारा गया. उन्होंने बताया कि मुस्तफिजुल पर चार साल पहले बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू की हत्या का आरोप था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था. 

एसटीएफ का प्रधान आरक्षी घायल

आनंद ने बताया कि मुठभेड़ में एसटीएफ का प्रधान आरक्षी महेंद्र सिंह गोली लगने से घायल हो गया. उन्होंने बताया कि एसटीएफ और स्थानीय पुलिस को मुस्तफिजुल के कुशीनगर की ओर जाने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद सोमवार रात करीब 11 बजे निरीक्षण अभियान शुरू किया गया। इस दौरान जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो मुस्तफिजुल ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश की और पीछा किये जाने पर पुलिस दल पर गोलियां चलायीं. 

बदमाश के पैर और आंख पर लगी गोली

आनंद ने बताया कि मुस्तफिजुल द्वारा चलायी गयी गोली लगने से एसटीएफ का प्रधान आरक्षी महेंद्र सिंह घायल हो गया, जिसके बाद जवाबी गोलीबारी में मुस्तफिजुल आंख और पैर में गोली लगने से गम्भीर रूप से जख्मी हो गया. उन्होंने बताया कि मुस्तफिजुल को खोराबार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 13 और 14 जुलाई की दरमियानी रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गयी. 

चलती ट्रेन से कूदकर हो गया था फरार

आनंद ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक .32 बोर की पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. उन्होंने बताया कि आजमगढ़ के मेहनगर इलाके के खुंदनपुर गांव का रहने वाला मुस्तफिजुल उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में दर्ज हत्या और डकैती समेत 10 आपराधिक मामलों में वांछित था और उसे दिसंबर 2024 में गुजरात में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन आजमगढ़ ले जाते समय महाराष्ट्र के अमरावती रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से कूदकर वह फरार हो गया था.

आनंद ने बताया कि मुस्तफिजुल पर आजमगढ़ की निजामाबाद सीट से चुनाव लड़ चुके बसपा नेता कलामुद्दीन की फरवरी 2021 में गोली मारकर हत्या करने का आरोप था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था. 

यह भी पढ़ें- 5 मिनट, 65 राउंड फायरिंग और 4 लाशें... रोंगटे खड़े कर देगी इस एनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Encounter, Gorakhpur News, UP STF, Encounter In Up, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com