लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र की कार्यवाही आज से शुरू हो रही है. मैं इस अवसर पर विधानसभा सत्र में भाग लेने आए सभी सदस्यों का हृदय से स्वागत करता हूं. ये सत्र हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. गरीब, किसान, युवा और महिला से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने, समीक्षा करने और उसे परिणाम तक पहुंचाने का सबसे अच्छा प्लेटफॉर्म विधायिका होती है." उधर, समाजवादी पार्टी के विधायकों ने राम मंदिर चंदा चोरी और नीट पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
योगी ने कहा, "सदन के समय का बेहतर उपयोग हो और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी आवाज पर सदन में चर्चा का अवसर प्राप्त हो इसके लिए मैंने कल सर्वदलीय बैठक में और पहले भी समय-समय पर सभी सदस्यों से आग्रह किया है.''
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने पिछले 9 वर्ष के अंदर 6 करोड़ से अधिक गरीबों को गरीबी रेखा से उभार कर मध्यम वर्ग में लाकर उनके जीवन में परिवर्तन लाया है. उस परिवर्तन का केंद्र बिन्दु हमारी विधायिका है

समाजवादी पार्टी के विधायकों ने सत्र शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिषद में राम मंदिर चंदा चोरी और नीट पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के नीचे सपा विधायकों ने हाथों में बैनर, पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया. समाजवादी पार्टी के नेता ज़ाहिद बेग अयोध्या राम मंदिर के चंदे में कथित गबन और E20 पेट्रोल के मुद्दे के पोस्टर लेकर साइकिल पर विधानसभा पहुंचे. उन्होंने लिखा, "भारतीय जनता पार्टी ने वादा किया है: 'हम राम को लाए. हम चंदे को खायेंगें'. E20 गाड़ियों के लिए नुकसानदायक है. 2020 में लागू की गई शिक्षा नीति को खत्म किया जाना चाहिए, और कानूनी मामलों के ज़रिए छात्रों को परेशान करना बंद होना चाहिए"
विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं: सुरेश खन्ना
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा, "विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है वे मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं. हर तरह से योगी सरकार हर बात का जवाब देने के लिए सक्षम है." वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है. उनके पास कोई एजेंडा नहीं है. वे केवल टाइम पास कर रहे हैं. उनसे पूछिए उनके कार्यकाल में प्रदेश की हालत क्या थी."
यह भी पढ़ें- 'श्रावण को सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का माह बनाएं', सीएम योगी ने लिखी पाती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं