- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 50 सप्ताह तक जारी मुख्यमंत्री पाती के माध्यम से जनता से संवाद किया है
- मुख्यमंत्री पाती की प्रेरणा वनटांगिया गांव में वंचित समाज की दयनीय स्थिति देखकर प्राप्त हुई थी
- पाती के जरिए शासन और जनता के बीच ऐसे संबंध बनाने का उद्देश्य है जहां लोगों की आवाज सुनी जाए
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आम जनता से जो बातचीत का माध्यम 'मुख्यमंत्री पाती' बनाया है, उसके 50 सप्ताह पूरे हो गए हैं. मुख्यमंत्री योगी ने 50 सप्ताह पूरे होने पर 'मुख्यमंत्री पाती' के पीछे की प्रेरणा और उद्देश्य साझा किया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता के साथ उनका रिश्ता केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए. उत्तर प्रदेश उनके लिए महज एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है और परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनेपन के साथ बातचीत होती है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में लिखा कि प्रदेश की जनता से पत्रों के माध्यम से संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूरे हो गए, इसका पता ही नहीं चला. उन्होंने बताया कि कई लोगों के मन में यह सवाल उठता होगा कि आखिर मुख्यमंत्री पाती क्यों लिखते हैं? इसका जवाब उनके वनटांगिया गांव के पहले दौरे से जुड़ा है.
'मुख्यमंत्री पाती' की कहानी
सीएम योगी ने उस अनुभव को याद करते हुए लिखा कि पहली बार वनटांगिया गांव पहुंचने पर कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोगों की दयनीय स्थिति देखकर वह बेहद व्यथित हुए थे. इन समुदायों के लोग वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे. उस समय उन्हें महसूस हुआ कि शासन का असली दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है, बल्कि समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है, जिसकी पीड़ा और अपेक्षाएं अक्सर व्यवस्था तक नहीं पहुंच पातीं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी अनुभव ने शासन और जनता के बीच निरंतर संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव की आवश्यकता को उनके मन में और मजबूत किया. 'मुख्यमंत्री पाती' की शुरुआत के पीछे भी यही सोच रही है. उनका उद्देश्य है कि सरकार और जनता के बीच ऐसा रिश्ता बने, जिसमें लोग अपनी बात खुलकर रख सकें और उन्हें यह महसूस हो कि उनकी आवाज सुनी जा रही है.
उन्होंने कहा कि पाती के जरिए उनकी कोशिश ऐसे मुद्दों पर जनता से बातचीत करने की रही है, जो सीधे लोगों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े हैं. सुख-दुख की साझेदारी, आपसी विश्वास और जनभागीदारी को मजबूत करना ही इस बातचीत का असल मकसद है.
जनता के सुझावों को भी पाती में मिलेगी जगह
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले एक साल में लिखे गए पत्र उनके लिए केवल विचारों को व्यक्त करने का माध्यम नहीं रहे, बल्कि इनके जरिए प्रदेश की जनभावनाओं को समझने और उन्हें आवाज देने का अवसर भी मिला है. उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि मुख्यमंत्री पाती के माध्यम से शुरू हुआ संवाद उत्तर प्रदेश की सीमाओं से निकलकर देश के दूसरे हिस्सों तक भी पहुंचा है. मुख्यमंत्री ने जनता के स्नेह और विश्वास को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि पाती सिर्फ उनके विचारों की अभिव्यक्ति बनकर न रह जाए. इसमें आम लोगों के मन की बात, उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को भी बराबर जगह मिलनी चाहिए. उनके मुताबिक, जनता की आवाज ही इस संवाद श्रृंखला की असली ताकत है.
ये भी पढ़ें:- यूपी में 25 लाख मुफ्त टैबलेट बांटने की तैयारी, लखनऊ मंडल के 53 हजार छात्रों को मिला तोहफा; जानें किसे मिलता है लाभ
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस संवाद को और मजबूत बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि विचारों की यह साझेदारी सरकार और समाज के बीच विश्वास का ऐसा सेतु बननी चाहिए, जो दोनों को एक-दूसरे के और करीब लाए. योगी आदित्यनाथ ने अंत में सभी से मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने को कहा, जो विकास और समृद्धि में आगे होने के साथ-साथ अपने संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों में भी श्रेष्ठ हो.
ये भी पढ़ें:- योगी सरकार का यूपी के युवाओं को बड़ा तोहफा, कल लखनऊ में सीएम योगी बाटेंगे 50 हजार फ्री टैबलेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं