- IPS अदिति सिंह और IAS विवेक आर्य की प्रेम कहानी LBSNAA प्रशिक्षण के दौरान शुरू होकर विवाह तक पहुंची
- IPS अदिति सिंह मेरठ की निवासी हैं, जिन्होंने कंप्यूटर साइंस में बीटेक के बाद UPPSC और UPSC परीक्षा उत्तीर्ण की
- अदिति सिंह को हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था, बाद में हरियाणा कैडर में इंटर-कैडर ट्रांसफर करवाया
IPS Aditi Singh IAS Vivek Arya Love Marriage: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी विवेक आर्य और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी अदिति सिंह की प्रेम कहानी को मंजिल मिल गई है. 15 नवंबर 2026 को आईएएस-आईपीएस की यह जोड़ी विवाह बंधन में बंध गई. 2021 बैच के इन अधिकारियों की प्रेम कहानी की शुरुआत LBSNAA प्रशिक्षण के दौरान हुई दोस्ती से हुई थी, जो अब सात फेरों तक पहुंच गई है. IPS अदिति सिंह और IAS विवेक आर्य की शादी हरियाणा के चरखी दादरी से लेकर उत्तर प्रदेश के मेरठ तक चर्चा में है.

IPS अदिति सिंह कौन हैं?
दुल्हन IPS अदिति सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित शिवलोकपुरी (कंकरखेड़ा) की रहने वाली हैं. उन्होंने मेरठ के सोफिया गर्ल्स स्कूल से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और गाजियाबाद के अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री हासिल की. मेरठ के डॉ. संजीव सिंह (एमडी फिजिशियन) और कलेक्ट्रेट में वरिष्ठ सहायक ज्योति सिंह की बेटी अदिति सिंह ने बीटेक करने के बाद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण की. अदिति सिंह का जन्म 21 अक्टूबर 1995 को हुआ था. उन्होंने UPPSC में 54वीं रैंक हासिल कर उत्तर प्रदेश में एसडीएम के रूप में सेवाएं दीं. इसके बाद संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2020 में ऑल इंडिया स्तर पर 679वीं रैंक प्राप्त कर IPS अधिकारी बनीं.
यह भी पढ़ें- IAS परी बिश्नोई गृहप्रवेश: भावुक हुए पति भव्य बिश्नोई, VIDEO में बेटी वेदा संग दिखा पूरा परिवार

हिमाचल प्रदेश से हरियाणा कैडर में ट्रांंसफर
IPS अधिकारी के रूप में अदिति सिंह को हिमाचल प्रदेश कैडर आवंटित हुआ. हिमाचल प्रदेश में वह धर्मशाला जोन, कांगड़ा में एसपी एसीबी के पद पर तैनात रहीं. इसके बाद हरियाणा कैडर के IAS विवेक आर्य से विवाह के आधार पर उन्होंने हिमाचल प्रदेश से हरियाणा कैडर में इंटर-कैडर ट्रांसफर करवाया. गृह मंत्रालय ने 10 अप्रैल 2026 को IPS अदिति सिंह का हिमाचल प्रदेश से हरियाणा कैडर में तबादला किया. हरियाणा आने के बाद वह जुलाई 2026 से पंचकूला में डीसीपी के पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं.
यह भी पढ़ें- IPS अदिति सिंह की शादी, कौन हैं दूल्हा IAS विवेक आर्य, जिनके लिए हिमाचल छोड़ हरियाणा आईं

IPS Aditi Singh IAS Vivek Arya Love Marriage
IAS विवेक आर्य कौन हैं?
दूल्हे IAS अधिकारी विवेक आर्य हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गोपी गांव के रहने वाले हैं. उनके परिवार का बाढड़ा में पिछले 50 वर्षों से खाद-बीज और स्पेयर पार्ट्स का व्यवसाय है. सैनिक स्कूल कुंजपुरा से शिक्षा प्राप्त करने वाले विवेक आर्य ने UPSC सीएसई 2020 में 131वीं रैंक हासिल की थी. वर्तमान में वह पंचकूला में अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) के पद पर सेवाएं दे रहे हैं. विवेक आर्य को यूपीएससी में दूसरे प्रयास में सफलता मिली. यूपीएससी 2019 में विवेक प्री भी पास नहीं कर पाए थे.
हरियाणा के बाढड़ा के व्यापारी वीरेंद्र सिंह आर्य के IAS पुत्र विवेक आर्य अब उत्तर प्रदेश के मेरठ की IPS अधिकारी अदिति सिंह को अपनी दुल्हन बनाकर लाए हैं. पंचकूला में तैनात ये दोनों युवा अधिकारी 15 नवंबर 2026 को परिणय सूत्र में बंध गए. शादी की रस्मों के तहत कस्बे के एक निजी रिसोर्ट में भव्य प्रीतिभोज एवं लगन-टीका समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कई दिग्गज राजनेताओं ने शिरकत कर वर-वधू को आशीर्वाद दिया.

दिग्गज नेताओं ने की शिरकत
IAS विवेक आर्य और IPS अदिति सिंह की शादी से जुड़ी कई रस्में हरियाणा के बाढड़ा में आयोजित हुईं. 12 नवंबर को लगन और प्रीतिभोज की रस्में निभाई गईं. समारोह में भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह, पूर्व सांसद अजय सिंह चौटाला, बाढड़ा विधायक उमेद सिंह, चरखी दादरी विधायक सुनील सांगवान, भिवानी एसपी मयंक मिश्रा, दादरी एसपी लोगेश कुमार पी, एसडीएम आशिष सांगवान, लोहारू एसडीएम मनोज दलाल सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए. लगन-टीका समारोह में बिना दहेज केवल एक रुपये और नारियल के साथ रस्म पूरी की गई. यह विवाह सादगी और सामाजिक संदेश के कारण भी चर्चा का विषय बना हुआ है.
-साथ में भिवानी से मनोज मलिक का इनपुट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं