अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला 14 नवंबर को भारत और पाकिस्तान अंडर-19 टीम के बीच ओमान में खेला गया. जहां एक समय लक्ष्य का पीछा करते हुए ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मुकाबला भारतीय टीम के हाथ से निकल गया है. मगर निचले क्रम के बल्लेबाजों मनल चौहान और मोहित उल्वा ने गजब का जज्बा दिखाया. टीम ने आखिरी के आठ ओवरों में ताबड़तोड़ 86 रन ठोके और एक विकेट से जीत हासिल करने में कामयाब रही.
मैच के सबसे बड़े हीरो रहे मोहित उल्वा
मैच के सबसे बड़े हीरो मोहित उल्वा रहे. जो 10वें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए महज 26 गेंदों में 188.46 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 49 रन बनाने में कामयाब रहे. टीम को आखिरी गेंद पर चौका लगाते हुए उन्होंने विजयी बनाया.
मोहित के बल्लेबाजी से सुनील गावस्कर हुए खुश
मोहित उल्वा के इस बेहतरीन पारी को देख पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर उनसे काफी प्रभावित हैं. उन्होंने उल्वा की तुलना पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ की है.
सुनील गावस्कर का बयान
सुनील गावस्कर ने सोनी स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान कहा, 'मोहित ने एमएस धोनी जैसी शांति दिखाई. उन्होंने बिल्कुल 'आइसमैन' की तरह खेला. क्रीज पर आए, चौका लगाया और फिर पूरी तरह शांत रहे. जीत के बाद उन्होंने हेलमेट उतारा, नीचे रखा और हाथ उठाकर जश्न मनाया.'
यही नहीं गावस्कर ने मोहित के अंदाज की तुलना 2011 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में धोनी के विजयी छक्के के साथ की है. उन्होंने कहा, 'अगर वहां धोनी होते तो शायद वह भी ऐसा ही करते. आपने देखा होगा कि वर्ल्ड कप में छक्का लगाने के बाद धोनी ने किस तरह बल्ला उठाया था. वह पल यादगार था और यह पल भी उतना ही यादगार रहेगा.'
गावस्कर ने भारतीय टीम के जुझारूपन की भी तारीफ की है. उन्होंने कहा, 'सबसे बड़ी बात यह रही कि खिलाड़ियों ने कभी हार नहीं मानी. आठवां विकेट 252 रन पर गिरने के बाद भी जीत के लिए 80 से ज्यादा रन चाहिए थे. मगर उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा और मुकाबला जीत लिया.'
यह भी पढ़ें- 'गौतम गंभीर सही थे', रवि शास्त्री का भी ठनका माथा, 'गौती' का गुस्सा जायज, बल्लेबाजों को सुधरना होगा!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं