- यूपी सरकार ने नए राशन कार्ड धारकों के लिए परिवार के सभी सदस्यों की eKYC प्रक्रिया पूरी करना जरूरी कर दिया है.
- बिना पूरी हुई eKYC प्रक्रिया के राशन कार्ड सक्रिय नहीं माना जाएगा और राशन वितरण में रुकावट आएगी.
- eKYC कराने के लिए लाभार्थी नजदीकी सरकारी राशन की दुकान पर बायोमेट्रिक सत्यापित कर सकते हैं.
UP Ration Card eKYC Update: उत्तर प्रदेश के उन तमाम नागरिकों के लिए एक बेहद जरूरी खबर है, जिन्होंने हाल ही में नया राशन कार्ड बनवाया है. दरअसल, राज्य सरकार के खाद्य और रसद विभाग ने जनहित में एक अहम सूचना जारी कर बताया है कि जिन परिवारों के नए राशन कार्ड बने हैं, उन्हें मिलने वाले मुफ्त या रियायती सरकारी राशन का लाभ उठाने के लिए कुछ नियमों का पालन करना जरूरी कर दिया गया है. अगर समय रहते यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो आपको राशन वितरण के दौरान भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
उत्तर प्रदेश खाद्य और रसद विभाग के मुताबिक, अगर आपका नया राशन कार्ड जारी हुआ है, तो यह जरूरी है कि आप राशन प्राप्त करने से पहले परिवार के सभी सदस्यों की eKYC प्रक्रिया को शत प्रतिशत पूरा करवा लें. विभाग का यह कदम राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने और केवल पात्र लाभार्थियों तक ही खाद्यान्न पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है. बिना ई केवाईसी के पूरे परिवार का राशन कार्ड सक्रिय नहीं माना जाएगा. लिहाजा, ऐसे कार्ड धारक कोटे से राशन नहीं ले पाएंगे.
📢 उत्तर प्रदेश के सभी नए राशन कार्ड धारक ध्यान दें। राशन प्राप्त करने से पहले परिवार के सभी सदस्यों की e-KYC अवश्य पूरी कराएं। ✅ नजदीकी कोटेदार की दुकान पर e-POS मशीन से ✅ स्वयं Mera e-KYC ऐप के माध्यम से ⚠️ बिना e-KYC राशन प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। #RationCard https://t.co/l0VVvzQ8rs
— खाद्य एवं रसद विभाग उत्तर प्रदेश (@Rcgs_Up) November 14, 2026
ऐसे कराएं eKYC
- लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने ई केवाईसी करवाने के दो मुख्य विकल्प उपलब्ध कराए हैं, जिनका उपयोग कार्ड धारक अपनी सुविधा के हिसाब से कर सकते हैं.
- आप अपने परिवार के सभी सदस्यों के साथ अपने नजदीकी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर जा सकते हैं. वहां मौजूद ePOS मशीन के जरिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण करवाकर आसानी से ई केवाईसी पूरी कराई जा सकती है.
- अगर आप दुकान पर नहीं जाना चाहते, तो आप अपने स्मार्टफोन पर Mera eKYC ऐप या आधार फेस आरडी ऐप डाउनलोड करके घर बैठे भी ऑनलाइन माध्यम से फेशियल ऑथेंटिकेशन के जरिए ई केवाईसी कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में अब बिना आधार के भी मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, वोटर ID कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट भी होंगे स्वीकार
किन बातों का रखें खास ख्याल?
केवल मुखिया ही नहीं, बल्कि राशन कार्ड में शामिल परिवार के हर छोटे बड़े सदस्य की ई केवाईसी होना जरूरी है. अगर किसी भी सदस्य की ई केवाईसी लंबित रहती है, तो कोटे की दुकान पर आपका राशन वितरण रोका जा सकता है. अगर आपको इस प्रक्रिया से जुड़ी कोई भी समस्या आती है, तो आप खाद्य और रसद विभाग के ऑफिशियल टोल फ्री नंबर 1967 पर संपर्क कर सकते हैं या आधिकारिक वेबसाइट fcs.up.gov.in पर विजिट कर सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं