- मथुरा में सीएम योगी 540 करोड़ की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे.
- 437 करोड़ की 167 नई योजनाओं का शिलान्यास होगा.
- 1000 क्षमता वाले स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का उद्घाटन होगा.
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रज क्षेत्र को विकास की नई सौगात देने जा रहे हैं. सीएम योगी 3 सितंबर को दो दिन के लिए मथुरा में होंगे, जहां वे ब्रजवासियों को करीब 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का बड़ा उपहार देंगे. इस समारोह के दौरान 540 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली 62 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे और पर्यटन को नई मजबूती मिलेगी. इसके साथ ही, सीएम योगी 437 करोड़ रुपये की लागत वाली 167 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे.
श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दो दिवसीय मथुरा प्रवास विकास और धर्म के अद्भुत संगम का साक्षी बनेगा. तय कार्यक्रम के मुताबिक, 3 सितंबर को दोपहर में सीएम योगी का राजकीय हेलीकॉप्टर वृंदावन स्थित पवनहंस हेलीपैड पर उतरेगा. वहां से वे गीता शोध संस्थान पहुंचेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री नवनिर्मित और अत्याधुनिक 'श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह' का भव्य लोकार्पण करेंगे. जहां एक हजार लोगों के बैठने की उत्कृष्ट व्यवस्था है.
ये भी पढ़ें: 'कैसे देंगे एक लाख नौकरी, जब...,' सीएम योगी की घोषणा पर अखिलेश ने उठाए सवाल
इस कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी प्रो-पुअर प्रदर्शनी का अवलोकन, वृक्षारोपण, संतों से मुलाकात करेंगे और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराएंगे. इसके साथ ही, कई सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व चेक वितरित कर जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यों की प्रगति जानने के लिए अहम समीक्षा बैठक करेंगे.
अगले दिन शुक्रवार 4 सितंबर को सुबह सीएम योगी श्री कृष्ण जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे. यहां वे सबसे पहले गो पूजन करेंगे और उसके बाद मुख्य मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन व विशेष पूजन अर्चना करेंगे.
ये भी पढ़ें: जलाने की कोशिश करता रहा, लेकन CM योगी का पोस्टर जला नहीं, आखिर में पुलिस वालों ने छीन लिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं