विज्ञापन

रामभक्तों पर गोली चलवाने और संतों पर लाठीचार्ज कराने वाले माफी मांगकर ही अयोध्या आएं : CM योगी

अयोध्या में 'दीपोत्सव' (हजारों मिट्टी के दीये जलाने का आयोजन) के दसवें संस्करण के दौरान आदित्यनाथ ने कहा, "जिन्होंने अयोध्या को खून से सना था, वे भी अब अयोध्या को याद कर रहे हैं."

अखिलेश यादव पर CM योगी का हमला
NDTV
  • CM योगी ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश पर रामभक्तों पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए माफी मांगने की बात कही
  • योगी ने राम मंदिर के विकास और त्रेतायुग की स्मृतियों के पुनरुद्धार को लेकर उपलब्धियों का उल्लेख किया.
  • उन्होंने कहा कि जो लोग पहले अयोध्या में राम के नाम पर प्रतिबंध लगाते थे, वे अब राम को स्वीकार कर रहे हैं.

यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और संतों पर लाठीचार्ज कराया, उन्हें माफी मांगने के बाद ही यहां आना चाहिए. CM ने अयोध्या में 10वें दीपोत्सव के अवसर पर रामकथा पार्क में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में भगवान श्रीराम का राजतिलक करने के बाद अपने संबोधन में कहा, ‘‘जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, संतों पर लाठीचार्ज कराया और अयोध्या की उपेक्षा की, उन्हें अपने किए की माफी रामभक्तों और संतों से मांगने के बाद ही इस पवित्र नगरी में आना चाहिए.''

मुख्यमंत्री का यह बयान समाजवादी पार्टी के एक विधायक द्वारा यह घोषणा किए जाने के बाद आया है कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जिस अयोध्या में कभी श्रीराम का नाम लेने पर लाठियां और गोलियां चलती थीं, जहां राम के नाम पर प्रतिबंध लगाने का पाप किया जाता था और जिसे पूरी तरह उपेक्षित एवं अभिशप्त बना दिया गया था, आज वही अयोध्या त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करते हुए फिर से जीवंत हो उठी है.''

योगी ने विपक्षी दलों के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जो लोग अयोध्या की गलियों को रक्तरंजित करते थे, आज वे भी अपना लोभ संवरण नहीं कर पा रहे हैं. जब वे कथा में जाते हैं तो उन्हें यह भी पता नहीं रहता कि वहां कथा हो रही है या मुशायरा, लेकिन अपने उच्छृंखल आचरण के कारण वे उसे अपवित्र करने का प्रयास करते हैं.'' योगी ने ‘‘डबन इंजन'' की सरकार के कार्यकाल में अयोध्या में हुए विकास का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘जिन लोगों ने राम के अस्तित्व को नकारने का काम किया, आज उन्हें इतनी सद्बुद्धि आई है कि वे राम को स्वीकार कर रहे हैं.'' भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा अब अयोध्या में कोई दंगा-फसाद करने का दुस्साहस नहीं कर पाएगा.

ये भी पढ़ें : मैं इस बार की दिवाली भी सैनिकों संग मनाऊंगा... देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बोले पीएम मोदी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yogi Adityanath, Ayodhya News Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com