- काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगाठ पर लखनऊ में तिरंगा यात्रा निकाली गई.
- सीएम योगी के नेतृत्व में यह यात्रा निकाली गई, जिसमें वह तिरंगा लेकर पैदल चले.
- इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि वंदे मातरम का अपमान भारत में नहीं चलेगा.
उत्तर प्रदेश में काकोरी ट्रेन एक्शन के 101 साल पूरे होने पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया था. लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ भी इस यात्रा में शामिल हुए. वह बच्चों के साथ हाथों में तिरंगा लेकर निकले. इस दौरान उन्होंने बड़ा बयान दिया है. सीएम योगी ने कहा 'ऐसा नहीं हो सकता कि भारत में रह कर लोग देश के राष्ट्रीय प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान करें. हम सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान बढ़ाने के लिए कदम उठाए और इनके अपमान को संज्ञेय अपराध की श्रेणी में लाकर राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की गरिमा बढ़ाई है.'
राष्ट्रध्वज भारत की विरासत: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा 'राष्ट्रध्वज भारत की सादगी, विकास, विरासत और इसकी आन, बान एवं शान का प्रतीक है. भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आजादी के बाद देश की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले सैनिकों को याद किया. आज काकोरी ट्रेन कार्रवाई की 101वीं वर्षगांठ है. इस अवसर पर भाजपा महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए देशभर में तिरंगा यात्रा निकाल रही है. सीएम ने राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्लाह खान समेत स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 1925 में काकोरी ट्रेन कार्रवाई के जरिए अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी. यह तिरंगा यात्रा उन सभी शहीदों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'राष्ट्र प्रथम' के मंत्र को आगे ले जाने का संकल्प है.'
ये भी पढे़ंः मेरठ में सीएम योगी ने कांवड़ियों पर बरसाए पुष्प, बोले-यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता
वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह वर्ष इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि देश राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है. हमारे युवा प्रतिभाशाली और ऊर्जा से भरपूर हैं. उनमें देश के सामने आने वाली हर चुनौती का सामना करने की क्षमता है. इस ऊर्जा को उचित मंच मिलना चाहिए, ताकि वे खुद को तैयार कर देश को आगे ले जा सकें. करीब 25,000 से 30,000 युवाओं के तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेने की संभावना है. मुझे सुबह से ही इस संबंध में जानकारी मिल रही है.
मुझे इस बात की खुशी है कि सुबह साढ़े आठ बजे तक 25,000 से अधिक युवा यहां एकत्र हो चुके थे और अब उनकी संख्या 30,000 को पार कर रही है. मुख्यमंत्री ने लोगों से 15 अगस्त पर 'हर घर तिरंगा' अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया. सीएम योगी आदित्यनाथ स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा लेकर 2 किलोमीटर तक पैदल चले. इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल हुए.
ये भी पढ़ेंः IAS कविता मीणा: हापुड़ DM के काम की मुरीद हुई योगी सरकार, राजस्थान में भी हो रही चर्चा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं