सेंट्रल नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र की साइट-बी स्थित आईनोट्रोनिक्स कंपनी से करोड़ों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया था. बरामद सामान की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
पुलिस को सूचना मिली थी कि कंपनी से चोरी किया गया सामान एक छोटे लोडर वाहन में भरकर न्यू दादरी रेलवे स्टेशन के पास जंगल में रखा गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के पसौंडा निवासी बिलाल तथा बुलंदशहर के सलमान और आदिल के रूप में हुई है. सलमान और आदिल फिलहाल गौतमबुद्धनगर के हल्दौनी क्षेत्र में रह रहे थे.
जंगल के रास्ते पहुंचे और वारदात को दिया अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 9 और 10 अक्टूबर की रात अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी. सभी आरोपी सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कंपनी के पीछे जंगल के रास्ते पहुंचे. वहां उन्होंने कंपनी में लगा बड़ा एग्जॉस्ट फैन उखाड़ दिया और उसी रास्ते से अंदर दाखिल हो गए.

इसके बाद आरोपियों ने कंपनी में रखी पेटीएम मशीनों, एयरटेल सेटअप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से भरे कार्टन चोरी कर लिए. सामान को पीछे के रास्ते जंगल तक पहुंचाया गया और फिर लोडर वाहन में भरकर फरार हो गए.
100 फीसदी सामान बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 3172 पीओएस पेटीएम प्रिंटर और मोबाइल टाइप मशीनें, एयरटेल कंपनी के 147 सेटअप बॉक्स, एक बारकोड प्रिंटर, दो क्यूआर कोड स्कैनर, दो रोल शोल्डर वायर, 10 मदरबोर्ड और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोडर वाहन बरामद किया गया है. इसके अलावा तीन अवैध चाकू भी मिले हैं.
पुलिस का दावा है कि चोरी किए गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है. जांच में इमरान उर्फ पंगा, फरमान, राशिद और वसीम समेत अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूरजपुर पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- पत्नी गई मायके तो शख्स ने अपने ढाई साल के बेटे पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, वजह जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं