विज्ञापन

बदायूं में 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा गया सांड, लगा दी छलांग, वीडियो सामने आया

UP Hindi News: मूसाझाग थाना क्षेत्र के किसरुआ गांव में जल निगम की लापरवाही का खामियाजा एक सांड को भुगतना पड़ा. निर्माणाधीन पानी की टंकी पर सुरक्षा इंतजाम न होने और सीढ़ियां खुली होने के कारण सांड भटकते हुए टंकी के शीर्ष पर चढ़ गया.

Badaun Hindi News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद भावुक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां जल निगम की घोर लापरवाही ने एक मूक पशु की जान जोखिम में डाल दी. यहां एक निर्माणाधीन पानी की टंकी के शीर्ष पर अचानक एक सांड चढ़ गया, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने और सीढ़ियों का रास्ता खुला होने के कारण यह बेजुबान भटकते हुए इतनी ऊंचाई पर पहुंच गया. टंकी के ऊपर सांड को देख नीचे भारी भीड़ जमा हो गई. जैसे ही ग्रामीणों ने उसे बचाने के लिए ऊपर आने का प्रयास किया तो घबराहट और डर के मारे उस मूक पशु ने ऊपर से ही नीचे छलांग लगा दी.

गांव के लोगों ने क्या बताया

दरअसल, यह पूरा मामला मूसाझाग थाना क्षेत्र के किसरुआ गांव का है. जहां, चश्मदीदों का कहना है कि वह दृश्य इतना भयानक और भावुक था कि देखने वालों की रूह कांप गई. एक बेजुबान की इस बेबसी को देखकर कई ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं.

लोगों में भारी आक्रोश

इस पूरी घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में जल निगम के खिलाफ भारी आक्रोश है. लोग प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई? अगर समय रहते निर्माणाधीन स्थल को घेरा गया होता तो इस मासूम बेजुबान को इस दर्दनाक हादसे का शिकार नहीं होना पड़ता.

ये भी पढ़ें- तूफान में 50 फीट ऊपर उड़ने वाले नन्हे मियां से मिले प्रभारी मंत्री, बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के दिए निर्देश

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com