आज के समय में देश के ऑटोमोबाइल बाजार में 10 लाख रुपये से कम बजट में कई शानदार 5-सीटर गाड़ियां बिक रही हैं. ये कारें भले ही काफी किफायती हैं, लेकिन फीचर्स के मामले में कंपनियां इनमें कोई समझौता नहीं करती हैं. सनरूफ, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग और छह एयरबैग जैसे प्रीमियम फीचर्स जो कभी केवल महंगी गाड़ियों में ही देखने को मिलते थे अब बेहद सस्ते बजट वाली कारों में भी आसानी से मिल जाते हैं. हम आपको ऐसी ही एक पैसा वसूल 5-सीटर कार के बारे में बताने जा रहे हैं. इसकी कीमत मात्र 5.80 लाख रुपये से शुरू होती है.
हम यहां पर बात कर रहे हैं Hyundai Exter की. ये कार अपने पेट्रोल मॉडल में तो धांसू परफॉर्मेंस देती ही है, कंपनी का दावा है कि ये CNG मोड पर चलने के दौरान ये 27 किमी से ज्यादा का माइलेज भी ऑफर करती है.
Hyundai Exter: दमदार इंजन और माइलेज का कॉम्बो
इस कॉम्पैक्ट माइक्रो-SUV की परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने के लिए इसमें 1.2-litre का 4-सिलेंडर Kappa पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 82 से 83 bhp की पावर और 113.8 Nm तक का टॉर्क जनरेट करता है. इसके अलावा, जो लोग कम खर्च में गाड़ी चलाना चाहते हैं, उनके लिए इसमें 1.2L बाय-फ्यूल Kappa पेट्रोल + CNG इंजन का ऑप्शन भी मिलता है, जो 69 PS की पावर और 95.2 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इस CNG वेरिएंट के चुनिंदा मॉडल्स में कंपनी की नई और एडवांस 'Hy-CNG Duo' डुअल-सिलेंडर तकनीक भी देखने को मिलती है, जिससे बूट स्पेस में सामान रखने के लिए काफी अच्छी-खासी जगह बच जाती है.
गियरबॉक्स की बात करें तो Hyundai Exter Facelift में 5-स्पीड मैनुअल और 'Smart Auto' AMT गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलता है. स्पोर्टी ड्राइविंग के शौकीनों के लिए इसके कुछ सेलेक्टेड वेरिएंट्स में पैडल शिफ्टर्स भी दिए गए हैं. इस कार में 37 लीटर का पेट्रोल टैंक और 60 लीटर की क्षमता वाला CNG टैंक मिलता है. कंपनी के अनुसार, माइलेज के मामले भी ये कार बढ़िया है. इसके पेट्रोल वर्जन में 19.2 से 19.4 kmpl और CNG वेरिएंट में 27.1 km/kg तक का बंपर माइलेज मिल जाता है.
Hyundai Exter: साइज और केबिन का कम्फर्ट
साइज की बात करें तो ये कार दिखने में काफी मस्कुलर और ऊंची लगती है, जिसकी लंबाई 3,830 mm, चौड़ाई 1,723 mm और ऊंचाई 1,643 mm रखी गई है. इसके साथ ही इसमें 2,450 mm का व्हीलबेस मिलता है जो केबिन के अंदर पांच लोगों के बैठने के लिए काफी आरामदायक लेगरूम और स्पेस देता है. सामान रखने के लिए इसके पेट्रोल वेरिएंट्स में 391 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जबकि सीएनजी मॉडल में ये स्पेस 225 लीटर का रह जाता है.

सफर को आरामदायक बनाने के लिए इसके फ्रंट में McPherson strut सस्पेंशन और रियर में coupled torsion beam axle सस्पेंशन दिया गया है. ब्रेकिंग सिस्टम को सुरक्षित रखने के लिए इसके अगले पहियों में डिस्क ब्रेक्स और पिछले पहियों में ड्रम ब्रेक्स का इस्तेमाल किया गया है.
Hyundai Exter: सेफ्टी और हाई-टेक फीचर्स की भरमार

सेफ्टी के मामले में हुंडई ने इस बजट कार को बेहद मजबूत बनाया है. इसमें छह एयरबैग्स स्टैंडर्ड तौर पर यानी बेस मॉडल से ही दिए जा रहे हैं. इसके अलावा गाड़ी में ABS के साथ EBD, ESC, VSM, हिल स्टार्ट असिस्ट कंट्रोल, ISOFIX चाइल्ड माउंट्स और रियर पार्किंग सेंसर्स मिलते हैं. इसके सबसे टॉप वेरिएंट्स में एक्स्ट्रा सेफ्टी के लिए रियर पार्किंग कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और आगे-पीछे का नजारा रिकॉर्ड करने के लिए डुअल-डैशकैम भी दिया गया है.
केबिन के अंदर आपको मॉडर्न डैशबोर्ड देखने को मिलता है. इसमें वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay को सपोर्ट करने वाला 8-इंच का बड़ा टच इंफोटेंनमेंट सिस्टम, एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, Bluelink कनेक्टेड कार फीचर्स, इलेक्ट्रिक सनरूफ, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस फोन चार्जर और पीछे बैठे यात्रियों के आराम के लिए रियर AC वेंट्स जैसे कमाल के फीचर्स दिए गए हैं जो आपके सफर को आसान बना देते हैं.
यह भी पढ़ें | Tata की नई SUV.. दमदार रेंज, Nexon से दमदार फीचर्स, जानें संभावित कीमत और स्पेसिफिकेशन्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं