विज्ञापन

बैंकॉक-कोलकाता-गोरखपुर रूट से गोल्ड स्मगलिंग; फर्जी लूट का खुलासा, 1 किलो सोना बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार

बैंकॉक से सोना लाने के लिए तस्करों ने ऐसा तरीका अपनाया कि एयरपोर्ट जांच में भी बच निकलते थे. लेकिन जब सोना हड़पने के लिए खुद ही लूट की झूठी कहानी गढ़ी गई, तो पुलिस जांच ने पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया.

बैंकॉक-कोलकाता-गोरखपुर रूट से गोल्ड स्मगलिंग; फर्जी लूट का खुलासा, 1 किलो सोना बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार
बैंकॉक से लाया गया 1 किलो सोना बरामद, गोरखपुर पुलिस ने खोला करोड़ों की तस्करी का राज
NDTV
  • गोरखपुर में गोल्ड स्मगलिंग का बड़ा भंडाफोड़
  • बैंकॉक से तस्करी कर भारत लाया जा रहा था सोना
  • झूठी लूट की कहानी ने खोला तस्करी नेटवर्क का राज
गाेरखपुर:

उत्तर प्रदेश की गोरखपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे एक कथित सोना तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब एक किलो सोना बरामद हुआ है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1.30 करोड़ रुपये आंकी गई है. साथ ही 2 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं. जांच में यह भी सामने आया कि सोना हड़पने की साजिश के तहत आरोपियों ने खुद ही लूट की झूठी सूचना पुलिस को देकर जांच को गुमराह करने की कोशिश की थी.

बैंकॉक से कोलकाता और फिर गोरखपुर तक पहुंचती थी सोने की खेप

पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि तस्करी का यह नेटवर्क बैंकॉक से सोना भारत लाता था. आरोपी पहले फ्लाइट से सोना कोलकाता पहुंचाते थे. पुलिस की जांच में सामने आया कि सोने को छिपाने के लिए उस पर सिल्वर की परत या कवर चढ़ाया जाता था, जिससे एयरपोर्ट पर जांच के दौरान संदेह कम हो. इसके बाद घरेलू उड़ान के जरिए सोना गोरखपुर लाया जाता था.

पुलिस ने इस मामले में गोला क्षेत्र के झरकटा निवासी आशुतोष शुक्ला और गगहा क्षेत्र के हाटा बाजार निवासी सुनील मिश्रा को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बांसगांव क्षेत्र के मुखलिसपुर निवासी दीपक तिवारी के लिए काम करते थे.

पुलिस के अनुसार दीपक तिवारी और उसका भाई मुकेश तिवारी लखनऊ में रहकर कथित तौर पर तस्करी नेटवर्क का संचालन करते थे.

लूट की झूठी कहानी बनाकर रची साजिश, बाजार बंद होने से नहीं बेच पाए सोना

जांच में पता चला कि 22 नवंबर 2026 को आशुतोष शुक्ला अपने सहयोगी अजय यादव के साथ सोने की दो चेन और एक कड़ा लेकर लखनऊ से कोलकाता होते हुए गोरखपुर पहुंचा था. आरोपियों की योजना घंटाघर क्षेत्र में सोना बेचने की थी, लेकिन रास्ते में पुलिस की मौजूदगी देखकर उन्होंने लूट की झूठी सूचना दे दी. पुलिस उसी आधार पर जांच में जुट गई और इस बीच सोना उनके सहयोगी अजय यादव को दे दिया गया. बाद में जांच के दौरान पुलिस को सूचना संदिग्ध लगी और पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया.

पुलिस के अनुसार 24 नवंबर को आरोपी चेन और कड़ा बेचने घंटाघर पहुंचे थे, लेकिन मंगलवार को बाजार बंद होने के कारण सौदा नहीं हो पाया.

हालांकि एक परिचित सराफा कारोबारी से मुलाकात होने पर उसने सोना देखने के बाद 2 लाख रुपये एडवांस दिए थे. यह रकम दोनों आरोपियों ने आपस में बांट ली थी. बाकी भुगतान बाजार खुलने के बाद किए जाने की बात तय हुई थी.

10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मामले में सुनील मिश्रा, आशुतोष शुक्ला, अजय यादव, दीपक तिवारी, कृष्णकांत, चंदन तिवारी, आयुष उर्फ निखिल, प्रियांशु त्रिपाठी समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है. पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और सोने की सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें : भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर गोल्ड तस्करी का भंडाफोड़, 7.8 KG से विदेशी सोना बरामद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gorakhpur, Gold Smuggling, Bangkok, Kolkata, UP Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com