उत्तर प्रदेश के बांदा में भीषण गर्मी के बीच एक गांव में पिछले एक महीने से बिजली नहीं आ रही है. करीब 350 घरों के लोग 45 डिग्री तापमान में बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं. हीटवेव के बीच बिजली गुल होने से परेशान ग्रामीण डीएम ऑफिस पहुंच गए और विभाग के अधिकारियों की शिकायत की. साथ ही उन्होंने डीएम से जल्द बिजली सुधार करने की मांग की.
ग्रामीणों का कहना है कि 350 घरों से ज्यादा मकान हैं, पिछले करीब 25 दिन से बिजली लापता है. विभाग के अफसरों को हर दिन एप्लिकेशन देते हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है, सिर्फ अधिकारी अपने AC चेम्बर में बैठकर आश्वासन देते हैं.
DM के पास समस्या लेकर पहुंचे ग्रामीण
बिजली न आने की वजह से इस चिलचिलाती भीषण गर्मी में जीवन जीना मुश्किल हो गया है. हीट वेब से बच्चों से लेकर बुजुर्गों तकृ सब परेशान हैं. वहीं शिकायत मिलने के बाद डीएम ने पीड़ितों की समस्या को तत्काल संज्ञान में लिया और बिजली विभाग के अफसरों को फटकार लगाते हुए तत्काल बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए. इसके अलावा इतने दिनों से बिजली क्यों दुरुस्त नहीं हुई, इसकी जांच ADM से कराने के आदेश दिए.
बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की
मामला नरैनी तहसील क्षेत्र के मलेहरा निवादा गांव का है. जानकारी के मुताबिक, दर्जनों ग्रामीण आज डीएम ऑफिस पहुंचे और पिछले 25 दिनों से गांव में बाधित बिजली आपूर्ति की शिकायत की.
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब एक माह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे हमें बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. बिजली न आने से पानी की समस्या, भीषण गर्मी के चलते बीमारियों का खतरा, बच्चों से लगाकर बुजुर्ग हर कोई परेशान है. इस गांव में 350 से ज्यादा घर हैं. दैनिक दिनचर्या में सबका जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
25 दिनों से बिजली सप्लाई बन्द
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में लगे 10 से 15 मीटर का तार जलकर खराब हो गए है. ओवरलोड के कारण ट्रांसफॉर्मर जल गया, जिससे बिजली सप्लाई बंद कर दी गई और यह बीते 25 दिनों से बन्द ही है. कई बार अफसरों को सूचना दी, लेकिन सिवाय आश्वासन के अबतक कुछ नहीं मिला.
डीएम अमित आसेरी ने पीड़ित ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुना और तत्काल बिजली अधिकारियों को फोन कर फटकार लगाई. साथ ही समस्या को जल्द निस्तारण के निर्देश दिए. इसके अलावा इतने दिन से बिजली आपूर्ति बन्द क्यों थी? इसकी भी जांच एडीएम से कराने का आदेश दिए. बता दें बीते दिनों सीएम योगी ने अफसरों संग बैठक की थी और बिजली, पानी की समस्या को 24 घंटे के अंदर निस्तारित करने का आदेश दिया था, लेकिन बांदा में अफसर AC चेम्बर से निकलने में असमर्थ हैं.
(बांदा से मनीष कुमार मिश्रा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: दिल्ली में कांग्रेस की बड़ी बैठक, मीनाक्षी विवाद पर राष्ट्रपति से मिलेंगे MP के विधायक
ये भी पढ़ें: UP के गोंडा में भीषण सड़क हादसा, SUV ने 9 लोगों को रौंदा, 4 की मौत; पांच घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं