विज्ञापन

'शर्मा बताया, गोत्र पूछा तो निकला मुस्लिम...', मुजफ्फरनगर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवक से की मारपीट

यूपी के मुजफ्फरनगर में युवक और युवती को भीड़ ने घेर लिया और युवक के साथ जमकर मारपीट कर दी. इस घटना का वीड‍ियो सोशल मीड‍िया पर वायरल है.

  • धर्म छ‍िपाने के आरोप में युवक से मारपीट
  • युवती के साथ रेस्‍टोरेंट में बैठा था युवक
  • मारपीट का वीड‍ियो सोशल मीड‍िया पर वायरल

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में युवक-युवती के साथ भीड़ द्वारा मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जिला परिषद मार्केट में एक युवक और युवती को भीड़ ने घेर लिया और युवक के साथ जमकर मारपीट कर दी. इस दौरान युवती युवक को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन भीड़ ने उसके साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की.  सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और थाने ले गई. घटना को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं. पुल‍िस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है.   

बताया जा रहा है कि युवक और युवती एक रेस्‍टोरेंट में बैठे थे. इसी दौरान कुछ लोगों ने दोनों के अलग-अलग धर्म से होने का संदेह जताया. आरोप है कि युवक से उसका नाम पूछे जाने पर उसने खुद को "आशु शर्मा" बताया, लेकिन बाद में भीड़ ने उसकी पहचान पर सवाल उठाए. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी.  

युवक को भीड़ से बचाती द‍िखी युवती  

वायरल वीडियो में युवती युवक को बचाने का प्रयास करती दिखाई दे रही है, जबकि भीड़ लगातार हमला करती नजर आती है. सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित थाने ले गई. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल पुलिस युवक-युवती से पूछताछ कर रही है. पुल‍िस का कहना है क‍ि घटना के सभी पहलुओं की जांच कर तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. 

पुल‍िस ने कही कार्रवाई की बात

जानकारी के मुताब‍िक, युवक मुस्लिम और लड़की हिन्दू है. दोनों ही शामली जनपद के थानाभवन क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. इस मामले को लेकर एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि 112 के माध्यम से सूचना संज्ञान में आई थी. पुल‍िस की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित युवक को थाने लेकर आई, मजरूम चिट्ठी देकर उसका भी इलाज कराया गया है. तहरीर और साक्ष्य के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. 

वहीं, मारपीट करने वाले और खुद को बजरंग दल कार्यकर्ता बताने वाले युवक प्रशांत का कहना है क‍ि वह एक रेस्‍टोरेंट पर बैठे थे. यहां मौजूद एक लड़का, लड़की के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था. इसको लेकर मैंने आपत्ति‍ जताई और युवक का नाम पूछा, पहले तो उसने अपना नाम आशु शर्मा बताया, बाद में जब उससे गोत्र पूछी तो वह फंस गया. इसके बाद उसने खुद को मुस्‍ल‍िम बताया.

बजरंग दल कार्यकर्ता ने कहा- मैंने नहीं की मारपीट

प्रशांत का कहना है क‍ि उन्‍होंने कोई मारपीट नहीं की है. सिविल लाइन थाना पुल‍िस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है. लड़की और लड़के, दोनों के ही मां-बाप को बुला रहे हैं. आमने-सामने बैठकर बात हो जाएगी.

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में हिंदुओं को लालच देकर बनाया जा रहा था ईसाई, 5 महिलाओं समेत 12 लोग गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Muzaffarnagar News, Bajranj Dal, Love Jihad, UP News, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com