बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में कॉन्ट्रैक्ट-बेस्ड असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति का अंतिम रिजल्ट जारी कर दिया है. आयोग ने शनिवार देर शाम अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों की अंतिम चयन सूची के साथ श्रेणीवार कटऑफ अंक जारी किए हैं. शैक्षणिक और साक्षात्कार में हासिल नंबरों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की गई है. सामान्य (अनारक्षित) वर्ग में हिंदी विषय का कटऑफ सबसे अधिक 81.3 अंक रहा है. इसके बाद राजनीति विज्ञान में 79.2, इतिहास में 78.7, समाजशास्त्र में 78.3, अर्थशास्त्र में 76.6 और अंग्रेजी में 76.5 अंक कटऑफ गया है.

आयोग की ओर से जारी सूची के अनुसार राजनीति विज्ञान में सबसे अधिक 422 उम्मीदवारों का चयन किया गया है. इसके बाद हिंदी और इतिहास में 418-418, अर्थशास्त्र में 411, समाजशास्त्र में 409 तथा अंग्रेजी में 373 उम्मदीवारों का चयन हुआ है.
श्रेणीवार कटऑफ भी जारी
आयोग ने सामान्य वर्ग के साथ-साथ ईडब्ल्यूएस, बीसी, ईबीसी, एससी, एसटी और दिव्यांग श्रेणियों का भी विषयवार कटऑफ जारी किया है. विभिन्न विषयों में श्रेणीवार कटऑफ अलग-अलग निर्धारित किया गया है.
कई पद रहे खाली
परिणाम के साथ आयोग ने यह भी बताया कि कुछ पद फिलहाल होल्ड पर रखे गए हैं. समाजशास्त्र विषय में ईडब्ल्यूएस, बीसी-1 और दिव्यांग (डीडी) श्रेणी का एक-एक पद फिलहाल होल्ड पर है. इसके अलावा समाजशास्त्र में एसटी श्रेणी का एक पद योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण नहीं भरा जा सका. दिव्यांग श्रेणी में डीडी के छह और बीआई के तीन पद भी रिक्त रह गए. अन्य विषयों में भी कुछ विशेष आरक्षित श्रेणियों के पद योग्य उम्मीदवारों के अभाव में खाली रह गए हैं.
आयोग के अनुसार अंग्रेजी में 9, अर्थशास्त्र में 11, समाजशास्त्र में 10 तथा हिंदी में 4 पद विभिन्न कारणों से रिक्त रह गए. आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी निरस्त कर दी गई है.
ये भी पढ़ें- NEET PG 2026: फॉर्म में गलती हो गई है? 10 अगस्त तक है सुधार करने का मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं