- अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, इस बार यहां 30 लाख दीपक जलेंगे.
- दीपोत्सव को लेकर अयोध्या में 10 नवंबर तर होटल और होम स्टे पूरी तरह से बुक चल रहे हैं.
- इस बार होम स्टे की मांग सबसे ज्यादा बढ़ी है, बड़ी संख्या में पर्यटक अयोध्या पहुंच रहे हैं.
अयोध्या में होने वाले दसवें दीपोत्सव आयोजन को लेकर उत्साह सबसे ज्यादा दिख रहा है. इस बार 30 लाख दिए जलाए जाएंगे. बड़ी संख्या में अयोध्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. यहां होम स्टे की मांग लगातार बढ़ती जा रही है. 4 से 8 नवंबर तक के लिए अयोध्या में होटल के सभी कमरे बुक चल रहे हैं, जबकि 2 से 10 नवंबर के बीच में सभी होम स्टे भी बुक चल रहे है. राम मंदिर दर्शन, सरयू घाट पर यह आयोजन होने वाला है. जिससे इसके आसपास भी सभी होटल बुक हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों में प्रदेश सरकार, पर्यटन विभाग और अयोध्या विकास प्राधिकरण मिलकर पर्यटकों के ठहरने, सुगम आवागमन और सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर तैयारियों में जुटे हैं. हर साल होने वाले इस आयोजन को लेकर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं.
अयोध्या में बढ़ी होम स्टे की मांग
अयोध्या में होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर होम स्टे की मांग सबसे ज्यादा दिख रही है. दीपोत्सव को लेकर अयोध्या के होटल और होम स्टे में बुकिंग की मांग बढ़ गई है. अयोध्या के कारोबारियों का कहना है कि इस बार भी बाजारों में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है. योगी सरकार के नेतृत्व में अयोध्या को प्रमुख पर्यटन और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों के बीच दीपोत्सव स्थानीय पर्यटन कारोबार के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर बनकर सामने आ रहा है.
अयोध्या स्टेशन रोड स्थित अवध होम स्टे के संचालक अम्बरीश पाण्डेय ने बताया कि उनके यहां 2 से 10 नवंबर तक के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि अयोध्या विकास प्राधिकरण और सरकार की ओर से अच्छा समन्वय किया जा रहा है, जिससे पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है. होम स्टे में बढ़ती बुकिंग से स्थानीय स्तर पर ठहरने की सुविधाओं की मांग का भी पता चलता है.
नवंबर के शुरुआत में सभी होटल बुक
अयोध्या में नवंबर के शुरुआत में सभी होटल बुक नजर आ रहे हैं. नए घाट के पास स्थित रामप्रस्थ होटल के मैनेजर लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि उनके होटल में 4 से 8 नवंबर तक के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं. उन्होंने बताया कि दीपोत्सव को लेकर पर्यटकों में भारी उत्साह है. अयोध्या में की जा रही व्यवस्थाओं को देखकर लोग प्रसन्नता जाहिर कर रहे हैं. पर्यटकों की बढ़ती मांग से आयोजन के दौरान शहर में ठहरने की व्यवस्था की अहमियत भी बढ़ गई है.
पर्यटकों को दी जा रही सुविधाएं
पर्यटकों को इस बार अयोध्या में सभी तरह की सुविधाएं दी जा रही है. स्थानीय गाइड के मुताबिक योगी सरकार के प्रयासों से सड़क, घाट, पार्किंग और रोशनी की व्यवस्थाओं में पहले की तुलना में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि गाइड भी पर्यटकों को राम जन्मभूमि, सरयू घाट और अन्य धार्मिक स्थलों के बारे में सही जानकारी और मार्गदर्शन दे रहे हैं. ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा यादगार बन सके.
ये वीडियो भी देखिए
राम और हनुमान जी की मूर्तियों की मांग बढ़ी
दीपोत्सव की तैयारियों का असर स्थानीय बाजारों में भी दिखाई दे रहा है. मूर्तिकार और धार्मिक सामग्री विक्रेता राजकुमार ने बताया कि राम और हनुमान जी की मूर्तियों, दीयों और पूजा सामग्री की मांग में बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पर्यटन को बढ़ावा मिलने से व्यापार अच्छा चल रहा है. बाहर से आने वाले पर्यटक भी अयोध्या में की जा रही तैयारियों की तारीफ कर रहे हैं. दीपोत्सव को लेकर होटल संचालकों, होम स्टे कारोबारियों, गाइडों और धार्मिक सामग्री विक्रेताओं में दिख रहा उत्साह अयोध्या के पर्यटन और स्थानीय व्यापार के लिए इस आयोजन की अहमियत को दर्शाता है.
ये भी पढ़ेंः योगी सरकार के सुशासन का बजा डंका, IIPA की UP शाखा बनी देश में नंबर-1, मिलेगा बेस्ट परफॉर्मिंग का अवॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं