विज्ञापन
This Article is From Aug 05, 2018

मुगलसराय जंक्शन आज से नए नाम से जाना जाएगा, अमित शाह और पीयूष गोयल करेंगे घोषणा

रेल मंत्री पीयूष गोयल उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर रखे जाने की आधिकारिक घोषणा रविवार को करेंगे.

मुगलसराय जंक्शन आज से नए नाम से जाना जाएगा, अमित शाह और पीयूष गोयल करेंगे घोषणा
अमित शाह (फाइल फोटो)
  • मुगलसराय जंक्शन आज से नए नाम से जाना जाएगा
  • अमित शाह और पीयूष गोयल करेंगे घोषणा
  • मुगलसराय जंक्शन का नाम पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर रखा जाएगा
चंदौली: रेल मंत्री पीयूष गोयल उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर रखे जाने की आधिकारिक घोषणा रविवार को करेंगे. इस दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे. मुगलसराय के मण्डल रेल प्रबन्धक पंकज सक्सेना ने बताया कि गोयल रेलवे जंक्शन के नये नाम की घोषणा करने के साथ-साथ उसके यार्ड को स्मार्ट यार्ड बनाने, रूट रिले इंटरलाकिंग तथा रेलवे स्टेशन पर अन्य विकास कार्य कराने का एलान भी कर सकते हैं. सक्सेना ने बताया कि वह ‘एकात्म एक्सप्रेस‘ ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाएंगे. यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन सुलतानपुर के रास्ते चलायी जाएगी. 

यह भी पढ़ें:  मुगलसराय स्टेशन का नाम बदलने पर बवाल, योगी आदित्यनाथ सरकार ने बताई यह वजह

इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के अलावा रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद रहेंगे. इस बीच, सम्पूर्ण रेलवे स्टेशन को केसरिया रंग में रंगा जा रहा है और परिसर में प्रवेश और निकास द्वार के साइनबोर्ड के साथ-साथ प्लेटफार्म के नाम को भी बदला जा रहा है. ‘एकात्म मानववाद‘ का संदेश देने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विचारक दीन दयाल उपाध्याय फरवरी 1968 में मुगलसराय रेलवे स्टेशन के पास ही संदिग्ध अवस्था में मृत पाये गये थे. 

यह भी पढ़ें: मुगलसराय स्टेशन का नाम बदलने को लेकर राज्यसभा में हंगामा, यूपी का भूगोल बदलना चाहती है सरकार

उत्तर प्रदेश सरकार ने इस साल जून में मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखने का फैसला किया था. मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी के बाद इस प्रस्ताव को रेल मंत्रालय के पास भेजा गया था. चंदौली से सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि एकात्म मानववाद जैसी प्रगतिशील विचारधारा देने वाले पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर मुगलसराय जंक्शन का नामकरण कराये जाने पर सिर्फ चंदौली ही नहीं बल्कि पूरे देश के लोगों में उत्साह है.

VIDEO: रणनीति : नाम नहीं काम बदलो!
उन्होंने कहा कि उपाध्याय महान चिंतक थे. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केन्द्र सरकार तथा उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार उन्हीं की बातों को ध्यान में रखकर आमजन के कल्याण के लिये नीतियों का निर्माण कर रही हैं.
(इनपुट भाषा से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mughalsarai Junction, Amit Shah
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com