विज्ञापन
This Article is From Mar 09, 2021

योगी सरकार पर जमकर बरसे अखिलेश यादव, कहा- भाजपा ने नारी शक्ति के दिखावे किए

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध, महिला स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और मंहगाई जैसे मुद्दों को लेकर योगी सरकार को घेरा.

योगी सरकार पर जमकर बरसे अखिलेश यादव, कहा- भाजपा ने नारी शक्ति के दिखावे किए
भाजपा सरकार में महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हुई: अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारीशक्ति‘ को हार्दिक बधाई देते हुए कहा है कि समाजवादी ‘आधी आबादी‘ के पूरे सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के लिए प्रतिबद्ध हैं. समाजवादी पार्टी नेप्रदेश में बढ़ते महिला अपराध, महिला स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, मंहगाई, शिक्षा में उपेक्षा, गरीब निराश्रित महिलाओं की पेंशन आदि समस्याओं को लेकर ‘महिला घेरा‘ कार्यक्रम चलाकर भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ हो रहे उपेक्षापूर्ण व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाई थी.      

Read Also: 'आपके नेतृत्व में बिहार भी पाए ऐसा मुकाम', तेजस्वी के इस ट्वीट पर गदगद अखिलेश यादव बोले

अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हुई है. मुख्यमंत्री जी कभी ऐंटी रोमियों स्क्वाड, कभी पिंकबूथ और कभी मिशन शक्ति की खोखली घोषणाओं के जरिए बहकाने का काम करते हैं. उन्होंने कहा कि महिलाओं के बुनियादी मुद्दों पर कभी भाजपा सोचती नहीं. भाजपा नेतृत्व की पुरूष प्रधान मानसिकता के चलते महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवाओं के बावजूद वेतन, पदोन्नति और कार्यव्यवहार में विसंगतियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि नेशनल क्राइम ब्यूरों रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के प्रति अपराधों में बढ़त को रेखांकित किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कारण उत्तर प्रदेश की बदनामी अब राष्ट्रीयस्तर पर भी हो रही है. 

Read Also: कृषि कानूनों पर अखिलेश यादव की दोटूक, 'बीजेपी वाले वह नंबर बताएं जिस पर कॉल करके MSP मिल जाए'

अखिलेश यादव ने हाल ही कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए राज्य की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज ही महिला दिवस पर उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा के दयनीय हालात बयां करती और भी खबरें है. बदायूं में आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने लगाया चौकी में दो सिपाहियों समेत चार लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है. चौरीचौरा में महिला की गला दबाकर हत्या की गई. एटा में घर में घुस कर महिला से दुष्कर्म. आगरा में जिले के थाना बाह क्षेत्र में घर में घुस कर मां-बेटी की हत्या कर दी गई, युवती की भाभी भी हमले में घायल. प्रदेश में हर रोज बहन बेटियों की अस्मत लूटी जा रही है. आगरा की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की एक बानगी ताजनगरी आगरा में दिखाई दी जहां हर दिन 16 महिलाएं उत्पीड़न का शिकार हो रही हैं. 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस का इस्तेमाल सिर्फ विरोधियों को फंसाने के लिए हो रहा हैं तो महिलाएं कैसे सुरक्षित होंगी? समाजवादी पार्टी की सरकार ने महिलाओं के सम्मान-सुरक्षा के लिए जो कदम उठाए थे भाजपा सरकार ने उन पर भी स्याही डाल दी है. उन्होंने पूर्व की सपा सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में ही रानी लक्ष्मी बाई सम्मान, महिला पेंशन, कन्या विद्याधन, लैपटाप के साथ महिलाओं से सम्बन्धित अपराधों की रोकथाम के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा शुरू हुई थी. तेजाबी हमलों की शिकार युवतियों को तीन-तीन लाख की सहायता सहित उनके मुफ्त इलाज, की व्यवस्था भी समाजवादी पार्टी की सरकार के समय हुई थी. गर्भवती महिलाओं को अस्पताल लाने-ले जाने के लिए 102 नेशनल एम्बूलेंस सेवा शुरू की गई थी. गर्भवती महिलाओं के पोषक आहार की भी व्यवस्था हुई थी.

Read Also: अखिलेश यादव का मोदी सरकार पर तंज- अहंकार ने दिल्ली के शासकों को अंधा और बहरा बना दिया

अखिलेश यादव ने कहा कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में अखिलेश यादव ने पूरे प्रदेश में सस्ते सेनेटरी नैपकीन की निर्माण यूनिट की स्थापना को प्रोत्साहित किया था. ग्रामीण महिलाओं में स्वच्छता और स्वास्थ्य की समस्या को दूर करने हेतु पहले चरण में कन्नौज, महोबा एवं बाराबंकी में सस्ते सेनेटरी नैपकीन बनाने वाली सेमी ऑटो मशीन स्थापित की गई थी. 

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भाजपा सरकार दिखावे के लिए नारी शक्ति का नाम ले रही है. महिलाओं के प्रति सम्मान प्रदर्शन भी उनके लिए राजनीतिक स्वार्थ साधने और वोट जुटाने का एक जरिया है. बकौल अखिलेश यादव, अच्छा होता अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री नारी सुरक्षा के लिए जमीन पर कुछ ठोस काम करते और महिलाओं के दिन प्रतिदिन होते अपमान पर रोक लगती लेकिन अब इतनी देर हो गयी है कि जनता भाजपा सरकार पर भरोसा नहीं कर सकती. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav, Yogi Government, CM Yogi, Women Security In UP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com