विज्ञापन

'अखिलेश यादव संवेदनहीन', गोरखपुर हादसे के बाद मृतक बच्चे के पिता की मांग; राजनीतिक रैलियों में बैन हो बुलडोजर

गोरखपुर में सपा के रोड शो के दौरान बुलडोजर की चपेट में आकर एक किशोर की मौत के बाद मृतक के पिता ने अखिलेश यादव को संवेदनहीन बताया है. उन्होंने राजनीतिक रैलियों में बुलडोजर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है.

'अखिलेश यादव संवेदनहीन', गोरखपुर हादसे के बाद मृतक बच्चे के पिता की मांग; राजनीतिक रैलियों में बैन हो बुलडोजर
गोरखपुर हादसे के बाद पिता का फूटा गुस्सा, बोले- अखिलेश यादव संवेदनहीन हैं
PTI
  • गोरखपुर रोड शो हादसा बना राजनीतिक मुद्दा, विपक्ष और सत्ता पक्ष में आरोप-प्रत्यारोप
  • 'बुलडोजर का राजनीति में क्या काम?' मृतक बच्चे के पिता का सवाल
  • अखिलेश यादव ने भी दी नसीहत, बोले- भविष्य में बुलडोजर से स्वागत न करें
गोरखपुर:

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के गोरखपुर रोड शो के दौरान हुई एक बच्चे की मौत का मामला राजनीतिक मुद्दा बन गया है. हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे के पिता ओमकार सिंह ने अखिलेश यादव को 'संवेदनहीन' बताते हुए राजनीतिक रैलियों में बुलडोजर जैसे भारी वाहनों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है. दूसरी ओर घटना के बाद अखिलेश यादव ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को भविष्य में स्वागत जुलूसों और राजनीतिक कार्यक्रमों में बुलडोजर का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है. इस मामले को लेकर भाजपा और सपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है.

कब और कैसे हुआ हादसा?

18 नवंबर को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के पीडीए रोड शो के दौरान एक बुलडोजर पर फूलों की वर्षा कराई जा रही थी. इसी दौरान एक नाबालिग किशोर उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि बच्चा रोड शो के दौरान वाहन की चपेट में आया था. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी.

पिता ने उठाए गंभीर सवाल, अखिलेश यादव ने दी कार्यकर्ताओं को नसीहत

मृतक बच्चे के पिता ओमकार सिंह ने कहा कि राजनीतिक रैलियों में बुलडोजर जैसे भारी वाहनों का इस्तेमाल बंद होना चाहिए. उन्होंने अखिलेश यादव के रवैये पर भी सवाल उठाते हुए उन्हें 'संवेदनहीन' बताया. परिवार का कहना है कि एक मासूम की जान चली गई, लेकिन राजनीतिक दल इस पर राजनीति कर रहे हैं.

वहीं घटना के बाद अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य में बुलडोजर से स्वागत करने की परंपरा से बचना चाहिए. उन्होंने कहा, 'बुलडोजर का काम अच्छी सड़कें बनाना है. बुलडोजर का अपना दिमाग नहीं होता, उसे चलाने वाला चालक जिम्मेदार होता है.'

अखिलेश यादव ने साफ कहा कि आगे पार्टी के कार्यक्रमों में इस तरह के स्वागत से बचा जाए. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतक बच्चे के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को परिवार से मिलने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने विपक्षी दलों पर भी इस दुर्घटना का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया.

भाजपा ने साधा निशाना, योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि एक 12-13 वर्षीय मासूम की मौत बेहद पीड़ादायक है. मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घटना की पूरी जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि मृतक किशोर का परिवार भाजपा समर्थक रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के वक्त अफरा-तफरी के बीच वाहन नहीं रोके गए और बच्चा सड़क पर पड़ा रहा. रवि किशन ने इसे राजनीति के गिरते स्तर का उदाहरण बताया.

पुलिस जांच जारी

गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कौस्तुभ ने बताया कि परिवार की मांगों के अनुरूप कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया है. वाहन के मालिक और ऑपरेटर की तलाश के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि दोनों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : अखिलेश यादव के रोड शो में बुलडोजर की टक्कर से बीजेपी नेता के बेटे की मौत, गोरखपुर हादसे में 50 पर FIR

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gorakhpur, PDA Rally, Bulldozer, Akhilesh Yadav, Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com