विज्ञापन

एमएलसी चुनाव: कैमरे पर फूट-फूटकर रोए सपा उम्मीदवार, बोले- 'मैं अगले महीने इस्लाम कबूल कर लूंगा'

उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव के बीच सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें परेशान किया जा रहा है, इसलिए वह धर्म परिवर्तन कर लेंगे.

एमएलसी चुनाव: कैमरे पर फूट-फूटकर रोए सपा उम्मीदवार, बोले- 'मैं अगले महीने इस्लाम कबूल कर लूंगा'
आगरा में सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल.
NDTV
आगरा:

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं. इसी बीच समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने भाजपा और प्रशासन पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया. इतना ही नहीं, वह कैमरे के सामने ही फूट-फूटकर रोने लगे और कहने लगे कि मैं अगले महीने इस्लाम कबूल कर लूंगा.

ये सारा बवाल आगरा में हुआ. वोटिंग के दौरान भी यहां हंगामा हुआ. आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में बूथ के बाहर समाजवादी पार्टी के कार्कर्ताओं ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया. 

सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने प्रशासन और भाजपा उम्मीदवार पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बूथ कैप्चरिंग का कथित वीडियो होने का दावा भी किया. अपनी शिकायत लेकर आकाश अग्रवाल मंडल कमिश्नर के पास पहुंचे और बाहर आकर मीडिया से बात करते हुए फूट-फूटकर रोने लगे.

बूथ कैप्चरिंग का लगाया आरोप

आकाश अग्रवाल ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि बूथ नंबर-20 खैरागढ़ में भाजपा उम्मीदवार के भतीजे ने बूथ लूट लिया, जिसका वीडियो वह कमिश्नर को भेज चुके हैं.

उन्होंने यह भी दावा किया कि खैरागढ़ में पीठासीन अधिकारी ने खाना खाने के बहाने सभी मतदाताओं को बाहर निकाल दिया और कमरा बंद कर दिया. फतेहाबाद और छाता (बूथ नंबर-40) में भी बूथ कैप्चरिंग हुई है.

यह भी पढ़ें | 'तो पद से हटा देंगे...' रामगोपाल यादव ने राजकुमार भाटी को क्यों दी सख्त चेतावनी

'मैं अपना धर्म बदल लूंगा'

उन्होंने कहा कि 'हमारे प्रबंधकों को जब चाहा, उठा लिया गया. अफवाह फैला दी जाती है, आरोप लगा दिए जाते हैं, उठा लिया जाता है, गाली-गलौज किया जाता है. वास्तव में मुझे ऐसा महसूस होने लगा है कि मैं पाकिस्तान से आया हुआ कोई आतंकवादी हूं.'

इसके बाद आकाश अग्रवाल फूट-फूटकर रोने लगे और कहा कि अगर सरकार कहती तो वह चुनाव ही नहीं लड़ते. 

उन्होंने कहा, 'जिन सनातन के रखवालों, रक्षकों के कारण मुझे परेशान किया जा रहा है, मैं ऐसे सनातन में रहना नहीं चाहता हूं. मैं अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह में जाकर अपना धर्म परिवर्तन करवा लूंगा.'

उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा, 'एक अधिकारी ने मुझसे कहा कि 'भाई आप एमएलसी ही तो हो, आप खुदा तो नहीं हो.' मैं उन अधिकारी को भी कहना चाहता हूं, मैंने अपना खुदा बदल लिया.'

'मैं यहीं से जेल चला जाता हूं'

उन्होंने कहा कि 'मैं कुछ नहीं कहना चाहूंगा, मैं अब शांति से रहना चाहूंगा. और सरकार से कहना चाहूंगा कि भाई उसे जिस तरीके से चुनाव कराना हो, जो करना हो सो करे. मुझे भी जेल में डालना हो, मैं यहीं से अभी जेल चला जाता हूं.'

क्या बोले मंडलायुक्त?

सपा प्रत्याशी की शिकायत पर मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP MLC 11 Seats Voting, UP MLC Election 2026, Samajwadi Party, BJP, UP Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com