आगरा मेट्रो का विस्तार तेज हो गया है. आगरा मेट्रो कॉरिडोर-1 का सिकंदरा से ताज ईस्ट गेट तक विस्तार हो रहा है. वहीं दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनेगा, जिसमें 14 स्टेशन बनेंगे. कॉरिडोर 1 में ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर तक 6 किमी का हिस्सा मार्च 2024 से चालू है. मनकामेश्वर से आगे सिकंदरा तिराहा तक लगभग 8.25 किमी टनलिंग, ट्रैक बिछाने का काम अंतिम चरण में है. मनकामेश्वर से आगे एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज के अंडरग्राउंड और आईएसबीटी स्टेशन एलिवेटेड है. मेट्रो स्टेशनों का निर्माण और सिग्नलिंग, ऑपरेटिंग सिस्टम का ट्रायल हो चुका है.
आगरा मेट्रो कॉरिडोर-2 की ब्लू लाइन
आगरा मेट्रो कॉरिडोर-2 की ब्लू लाइन आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बन रही है. इसकी 15.4 किमी एलिवेटेड लाइन में कुल 14 स्टेशन हैं. इसका पहला चरण आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक है. इसमें आगरा कैंट, सदर बाजार, प्रतापपुरा, कलेक्टरेट और आगरा कॉलेज स्टेशन होंगे. पिलर निर्माण से लेकर ट्रैक बिछाने तक ज्यादातर काम हो चुका है. स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट गेट और बाकी का निर्माण कार्य चल रहा है.आगरा कैंट से आगरा कॉलेज के पहले चरण में ट्रायल रन के बाद जल्द परिचालन शुरू होगा.
आगरा कॉलेज से कालिंदी विहार तक कॉरिडोर 2
आगरा मेट्रो कॉरिडोर-2 का दूसरा चरण आगरा कॉलेज से कालिंदी विहार तक बनेगा. इसमें भगवान टॉकीज, संजय प्लेस, सुल्तानगंज पुलिया, कालिंदी विहार मुख्य स्टेशन होंगे. इसके स्टेशनों और यमुना नदी के पास खंबों का निर्माण चल रहा है. कॉरिडोर-2 पूरा करने का लक्ष्य जून 2027 रखा गया है.

Agra Metro Latest News
यमुना नदी पर एक स्पेशल मेट्रो पुल
यमुना रिवर ब्रिज कॉरिडोर-2 के लिए यमुना नदी पर एक स्पेशल मेट्रो पुल बन रहा है. ट्रेनों के रखरखाव के लिए मॉल रोड में डिपो बन रहा है.सुरक्षा और धरोहरों की सुंदरता बनाए रखने के लिए थर्ड रेल पावर सप्लाई सिस्टम बिछाया जा रहा है, ताकि ताज महल, आगरा फोर्ट की खूबसूरती को निहारने में कोई अड़चन न आए. यमुना रिवर मेट्रो ब्रिज में कॉरिडोर-2 को ट्रांस यमुना इलाके में कालिंदी विहार तक ले जाने के लिए यमुना नदी पर एक विशेष कैंटिलीवर मेट्रो ब्रिज तैयार हो रहा है.
आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट अभी कहां तक
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के मुताबिक, अभी आगरा मेट्रो ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर तक चल रही है. यह 6 किलोमीटर लंबा प्रायोरिटी रूट मार्च 2024 में खोला गया था.मनकामेश्वर स्टेशन से आगे आईएसबीटी (ISBT) तक दूसरे चरण का स्पीड ट्रॉयल हो रहा है. इस सेक्शन के चालू होते ही इसमें 5 नए स्टेशन जुड़ जाएंगे.
ये भी पढ़ें - दिल्ली मेट्रो के 7 नए रूट का ऐलान, 65 नए स्टेशन बनेंगे, नरेला, नजफगढ़-जोरबाग से पालम तक 97 KM का नेटवर्क बनेगा
अभी ये स्टेशन चालू
1. ताज ईस्ट गेट: एलिवेटेड
2. कैप्टन शुभम गुप्ता (फतेहाबाद रोड): एलिवेटेड
3. ताज महल: अंडरग्राउंड
4. आगरा किला: अंडरग्राउंड
5. मनकामेश्वर: अंडरग्राउंड
6. बसई: एलिवेटेड
ये स्टेशन जल्द शुरू होंगे
एसएन मेडिकल कॉलेज
आगरा कॉलेज
राजा की मंडी
आरबीएस कॉलेज
आईएसबीटी
ये भी पढ़ें - बुलेट ट्रेन से कनेक्ट होगी मेट्रो, मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड कॉरिडोर का प्लान, ठाणे, मुंब्रा और कल्याण तक कनेक्ट
ये भी पढ़ें - दिल्ली-NCR मेट्रो विस्तार; रिठाला-कुंडली से नरेला-लाथूपुर तक बनेगा नेटवर्क, ये इलाके जुड़ेंगे, जानें पूरा रूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं