महाराष्ट्र ने ठाणे-दिवा मेट्रो लाइन को मंजूरी दे दी है, जो बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से आसानी से जुड़ेगी. महाराष्ट्र सरकार ने क्षेत्रीय ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए ठाणे, कलवा, मुंब्रा और दिवा को जोड़ने वाले एक नए मेट्रो कॉरिडोर को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है.डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में हुई एक हाई-लेवल मीटिंग के बाद महा मेट्रो को छह महीने की समय-सीमा के भीतर एक फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने और डीपीआर जमा करने का निर्देश दिया गया है.
यह रणनीतिक ट्रांजिट लाइन दिवा के म्हातारडी में मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से सीधे जुड़ेगी. इससे यात्रियों के मुख्य केंद्रों तक सीधी हाई स्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी. यह परियोजना मनपाडा में मेट्रो लाइन 12 (कल्याण-तलोजा) से भी जुड़ेगी. इससे ठाणे, मुंब्रा, दिवा, डोंबिवली, तलोजा, कल्याण और भिवंडी को जोड़ने वाला एक इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट ग्रिड बनेगा. इस मेट्रो लाइन को मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल के प्रस्तावित स्टेशन से भी जोड़ा जाएगा. इससे यात्रियों को सीमलेस मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी मिलेगी.
इस प्रोजेक्ट से ठाणे, मुंब्रा और दिवा इलाकों में मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनों में भारी भीड़ का दबाव घटेगा. मेट्रो लाइन से लाखों दैनिक यात्रियों को एक आरामदायक विकल्प मिलेगा. लोकल ट्रेनों के अलावा मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर और ठाणे शहर की अन्य मेट्रो लाइनों से इंटरकनेक्टिविटी भी मिलेगी. कलवा, मुंब्रा और दिवा जैसे उभरते हाउसिंग और कमर्शियल सेक्टर में रियल एस्टेट और व्यापारिक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी.
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का सपना सच होने के करीब है. वडोदरा स्टेशन का निर्माण पूरा होने वाला है और काम आखिरी चरण में है. मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का ये अहम हिस्सा है. वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन का निर्माण अब आखिरी चरण में है. निर्माण के कई बड़े पड़ाव पूरे हो चुके हैं. इनमें कॉनकोर्स, ट्रैक और प्लेटफॉर्म लेवल पर स्लैब कास्टिंग का काम शामिल है. अभी स्ट्रक्चरल स्टील लगाने का काम तेजी से चल रहा है. यह बुलेट ट्रेन स्टेशन वडोदरा रेलवे स्टेशन के 7वें प्लेटफ़ॉर्म पर बनाया जा रहा है, जिससे हाई-स्पीड रेल नेटवर्क और भारतीय रेलवे के बीच सीधा कनेक्शन बन सकेगा. यह स्टेशन रेलवे नेटवर्क, सिटी बस सर्विस और इंटरस्टेट बस टर्मिनल के साथ आसान मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी देगा.
अधिकारियों का कहना है कि यह इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट सिस्टम यात्रा का समय कम करेगा और यात्रियों को ज़्यादा सुविधाजनक अनुभव देगा.स्टेशन का डिजाइन बरगद के पेड़ से प्रेरित है, जो वडोदरा की पहचान को दर्शाता है। इसमें प्राकृतिक रोशनी और खुले-खुले इंटीरियर पर खास ध्यान दिया गया है. यात्रियों की सुविधाओं में मॉडर्न वेटिंग एरिया, चाइल्डकेयर रूम, रेस्टरूम और रिटेल आउटलेट शामिल होंगे.कार, बस और रिक्शा के लिए अलग पार्किंग एरिया और पिकअप व ड्रॉप-ऑफ की सुविधाएं भी बनाई जा रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं