विज्ञापन

आगरा में यमुना किनारे बनेगा खूबसूरत रिवर फ्रंट, रात में ताजमहल का दीदार होगा यादगार

यूपी सरकार की यह पहल स्थानीय लोगों और पर्यटकों को वर्ल्ड-लेवल और आधुनिक 'ग्रीन जोन' उपलब्ध कराएगी. इस परियोजना की आधारशिला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जुलाई, 2026 को रखी थी.

आगरा में यमुना किनारे बनेगा खूबसूरत रिवर फ्रंट, रात में ताजमहल का दीदार होगा यादगार
ताज नगरी में नदी किनारे बनेगा खूबसूरत पार्क (Photo: AI Generated)
  • यूपी सरकार आगरा में यमुना किनारे 3.46 करोड़ रुपये की लागत से भव्य ग्रीन पार्क बनाने जा रही है.
  • इस पार्क में 1.5 किमी वॉकवे, ओपन जिम, एम्फीथिएटर, फव्वारे और 200 वाहनों की पार्किंग सुविधा होगी.
  • कचरा हटाकर फाइटोरेमेडिएशन पौधे लगाए जाएंगे और ताजमहल की ओर 'विजुअल कॉरिडोर' खुला रखा जाएगा.
आगरा:

उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है. ऐसे में अब 'ताज सिटी' में यमुना नदी के किनारों को सुंदर, प्रदूषण-मुक्त और ज्यादा उपयोगी बनाने की बड़ी तैयारी शुरू हो गई है. आगरा में झलकारी बाई चौराहे से वेदांत मंदिर के पास तक यमुना नदी के किनारे एक नया और भव्य पार्क विकसित किया जाएगा. योगी सरकार की यह पहल स्थानीय लोगों और पर्यटकों को वर्ल्ड-लेवल और आधुनिक 'ग्रीन जोन' उपलब्ध कराएगी. इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जुलाई, 2026 को रखी थी.

यमुना नदी के किनारे का माहौल बदलने वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना AMRUT 2.0 योजना के तहत 3.46 करोड़ रुपये की लागत से डेवलप की जा रही है. इस बड़े फंड का उपयोग अविकसित और कचरे से भरे इलाके को आधुनिक सुविधाओं से लैस, सुनियोजित और हरे-भरे पार्क में तब्दील करने के लिए किया जाएगा.

जिम, फव्वारे और खूबसूरत लाइटिंग...

इस योजना के तहत 1,500 मीटर लंबा और 1.5 मीटर चौड़ा सुंदर रास्ता, 200 वर्ग मीटर का ओपन जिम, फव्वारे, आकर्षक लाइटिंग और बैठने के लिए बेंच बनाई जाएंगी. इसके अलावा, छोटे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 300 वर्ग मीटर का ओपन-एयर एम्फीथिएटर भी बनाया जाएगा, जिसमें 100 से 150 लोगों के बैठने की क्षमता होगी और इसे लाल बलुआ पत्थर की सीटों के साथ डिजाइन किया जाएगा.

आने-जाने वालों की सुविधा के लिए 200 गाड़ियों की पार्किंग और 1,500 मीटर के हिस्से में मजबूत फेंसिंग की व्यवस्था भी की जाएगी.

योगी सरकार रिवर फ्रंट डेवलपमेंट यानी नदी संरक्षण पर खास जोर दे रही है. साइट पर मौजूद कचरे को हटाकर तय लैंडफिल तक पहुंचाया जाएगा, जबकि प्रदूषित इलाके में फाइटोरेमेडिएशन प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे. नजारे को बेहतर बनाने के लिए ताजमहल की ओर एक 'विजुअल कॉरिडोर' खुला रखा गया है.

ये भी पढ़ें: Agra Travel Guide: अगर 'ताज सिटी' आगरा घूमने का बना रहे हैं मन, तो ये सारी जानकारी आपके आएगी बहुत काम

मशहूर प्रजातियों के पौधे लगाने की तैयारी!

पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए कैसिया बाइफ्लोरा, बोगनवेलिया, नेरियम ओलियंडर, पाम और बेबी गोल्डन जैसी प्रजातियों के घने पौधे लगाए जाएंगे. पास की खेती वाली जमीन पर सजावटी पौधे उगाए जाएंगे, जिससे इस प्रोजेक्ट के रखरखाव के लिए आर्थिक मदद मिलेगी.

इस योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने कहा, "राज्य सरकार की मंशा के मुताबिक, AMRUT 2.0 योजना के तहत यमुना नदी के किनारे इस शानदार पार्क का निर्माण तेजी से आगे बढ़ेगा. करीब 3.46 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पार्क शहर के लोगों को सुबह की सैर, योग और बच्चों के खेलने के लिए एक सुरक्षित, साफ और प्राकृतिक जगह देगा." उन्होंने आगे कहा कि हमारा मकसद घने पौधे लगाकर पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना और नदी के किनारे वाले इलाके को पर्यटकों के लिए एक मुख्य आकर्षण के तौर पर विकसित करना है.

ये भी पढ़ें: ताज शहर ऐसा भी...संगमरमर की खूबसूरत इमारत के साए में उफनती यमुना ने लौटा दी पुरानी यादें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, Agra, Taj Mahal, Yamuna River Front, Taj City Agra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com