Akhilesh Yadav Birthday in Moradabad: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर मुरादाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया. मुरादाबाद की सांसद रुचि वीरा की मौजूदगी में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने 53 फीट लंबा साइकिल के चुनाव चिह्न के आकार का केक काटकर अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की और पोस्टर पर लगी अखिलेश यादव की तस्वीर को प्रतीकात्मक रूप से केक खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.
इसी कार्यक्रम के दौरान मीडिया ने सांसद रुचि वीरा से कांठ विधायक कमाल अख्तर के विधानसभा के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) पद से दिए गए इस्तीफे को लेकर सवाल किया. हाल के दिनों में कमाल अख्तर और रुचि वीरा के बीच मतभेद की चर्चाएं भी लगातार होती रही हैं. इसलिए इस इस्तीफे को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है.

कमाल अख्तर का इस्तीफा अखिलेश यादव का फैसला- सांसद
रुचि वीरा ने कहा कि कमाल अख्तर का इस्तीफा पूरी तरह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का फैसला है. चुनाव नजदीक हैं और संगठन में किस नेता को कौन-सी जिम्मेदारी देनी है, यह फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष ही करते हैं. इसे किसी व्यक्तिगत विवाद या जीत-हार से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए.
पीडीए सम्मेलन में उन्हें नहीं बुलाए जाने के सवाल पर रुचि वीरा ने कहा कि उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि कार्यक्रम में किसी महिला जनप्रतिनिधि को भी शामिल किया जाना चाहिए था. अगर कोई चूक हुई थी तो वह भूलवश रही होगी.
भाजपा के संपर्क में सवाल पर क्या बोले
भाजपा के संपर्क में होने के आरोपों को भी उन्होंने खारिज करते हुए कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे कि उनका भाजपा से कोई संबंध है तो सामने लाए. उन्होंने कहा कि कमाल अख्तर से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी उन्होंने पहले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दे दी थी.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर उन्होंने निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग दोहराई. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'रामराज्य' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद की छह की छह सीटें समाजवादी पार्टी जीतेगी.
बदलती रहती हैं जिम्मेदारियां
वहीं, कमाल अख्तर भी अपने इस्तीफे को संगठनात्मक बदलाव बता चुके हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर मुख्य सचेतक पद छोड़ा है. पार्टी में समय-समय पर जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं और अब उनका पूरा ध्यान अपनी विधानसभा सीट और चुनाव की तैयारियों पर रहेगा.
ये भी पढ़ें- राजभर ने अखिलेश को जन्मदिन पर दी ये कैसी बधाई, 'आलसी-आरामतलबी वाली जिंदगी से बाहर निकलिए'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं