विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा हाईवे पर फायरिंग करने वाले 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना पुलिस ने हाईवे पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को देर रात एनटीपीसी रोड पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया.

ग्रेटर नोएडा हाईवे पर फायरिंग करने वाले 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद
ग्रेटर नोएडा:

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना पुलिस टीम ने हाईवे पर सरेराह फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान एनटीपीसी रोड के पास कार सवार बदमाशों को दबोचा. इन बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की. लेकिन पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों को मौके से पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राहुल (निवासी साकीपुर, सूरजपुर), नीटू उर्फ कुलदीप (निवासी बड़पुरा, दादरी) और मनोज उर्फ गुड्डू (निवासी बरमदपुर, बुलंदशहर) के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी राहुल ने बताया कि 15 जून को जीटी रोड पर उन्होंने केवल गाड़ी के आगे चल रहे ड्राइवर को डराने और मौज-मस्ती के लिए हवाई फायरिंग की थी.

2 पिस्टल और 160 कारतूस बरामद

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई एक टोयोटा ग्लैंजा कार जब्त की है. इसके अलावा कार की तलाशी में 6 अवैध देसी तमंचे, 2 पिस्टल और 160 कारतूस बरामद किए गए हैं. पकड़े गए बदमाशों में से नीटू उर्फ कुलदीप पर पहले से हत्या और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट के समक्ष पेश कर दिया है.

Latest and Breaking News on NDTV

आरोपियों में से एक हथियारों का तस्कर

वहीं, एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी साइड हटाने को लेकर इन लोगों द्वारा हवाई फायरिंग की गई थी, जिसकी वीडियो पीछे आ रहे वाहन चालक ने बना ली थी. इसी आधार पर डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद बादलपुर पुलिस ने गाड़ी नंबर ट्रेस किया और मुखबिर की सूचना पर एनटीपीसी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बदमाश फरार हो गए. फरार आरोपियों में से एक हथियारों का तस्कर बताया जा रहा है. पकड़े गए आरोपी हथियारों का इस्तेमाल भौकाल बनाने और धौंस दिखाने के लिए करते थे. इनके पास से भारी मात्रा में अवैध असलाह और कारतूस बरामद हुए हैं. फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है.

ये भी पढ़ें : 'अगर भारत पर हमला हुआ तो बचाव में खड़े होंगे...,' NDTV के सवाल पर बोले डोनाल्ड ट्रंप

लेखक के बारे में
img
नरेंद्र ठाकुर
Reporter
Narendra Thakur और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Firing Case, Noida Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com