विज्ञापन

 IPO Listing के पहले ही दिन कमाना चाहते हैं मोटा मुनाफा? तो जानिए निवेश से पहले किन बातों का रखें ख्याल

आईपीओ (IPO) में निवेश करके शेयर बाजार से कमाई करने का यह बेहतरीन मौका होता है. लेकिन सिर्फ हाइप देखकर पैसा लगाने से नुकसान भी हो सकता है. जानिए आईपीओ क्या है, डीमैट और UPI से अप्लाई करने का तरीका, RHP, GMP और P/E रेशियो जांचने समेत नुकसान से बचने के ये 4 नियम.

 IPO Listing के पहले ही दिन कमाना चाहते हैं मोटा मुनाफा? तो जानिए निवेश से पहले किन बातों का रखें ख्याल
आईपीओ क्या है, कैसे करें निवेश और जानें नुकसान से बचने के 4 अचूक नियम; पूरी गाइड
ndtv

How to Apply IPO: शेयर बाजार (Share Market) में कमाई करने और शुरुआती स्तर पर किसी तेजी से बढ़ती कंपनी का हिस्सा बनने के लिए आईपीओ (IPO  Initial Public Offering) निवेशकों का सबसे पसंदीदा जरिया है. जब भी कोई प्राइवेट कंपनी अपने बिजनेस का विस्तार करने, नया प्लांट लगाने या पुराना कर्ज चुकाने के लिए पहली बार आम जनता को अपने शेयर बेचकर स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होती है, तो उसे आईपीओ कहते हैं.

आईपीओ में निवेश करना जितना आकर्षक लगता है, बिना सोचे समझे केवल अफवाहों या हाइप (Hype) के दम पर पैसा लगाना उतना ही जोखिम भरा हो सकता है. अगर आप नए निवेशक हैं और आईपीओ के जरिए कमाई करना चाहते हैं, तो यह जानकारी आपके बेहद काम की साबित हो सकती है. 

ऐसे करें आईपीओ में निवेश  

आईपीओ में बोली लगाने (Bidding) की प्रक्रिया बेहद आसान और डिजिटल हो चुकी है. आप नीचे बताए गए 4 स्टेप्स को फॉलो करके आईपीओ में निवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं. 

  1. डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट खोलें: आईपीओ में शेयर हासिल करने और बेचने के लिए आपके पास एक चालू डीमैट खाता होना जरूरी है. आप सेबी (SEBI) रजिस्टर्ड किसी भी ब्रोकर के साथ ऑनलाइन डीमैट खाता खोल सकते हैं.
  2. बैंक अकाउंट और UPI आईडी लिंक करें: पेमेंट करने के लिए आपका बैंक खाता Google Pay, PhonePe या BHIM जैसे किसी भी UPI ऐप से जुड़ा होना चाहिए. इसके अलावा आप नेट बैंकिंग से भी डीमैट खाते में पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं. 
  3. ब्रोकर ऐप पर जाकर बिड लगाएं: डीमैट खाता चालू होने के बाद अपने ट्रेडिंग ऐप के IPO सेक्शन में जाएं. चालू आईपीओ में से अपनी पसंद का शेयर चुनें. आपको लॉट साइज के अनुसार बोली लगानी होगी. हमेशा Cut Off Price विकल्प को चुनें, ताकि अलॉटमेंट मिलने के चांस बढ़ जाएं.
  4. पेमेंट ब्लॉक करें : आवेदन जमा करने के बाद आपके UPI ऐप पर एक मैंडेट रिक्वेस्ट आएगी. इसे अप्रूव करते ही आईपीओ की रकम आपके बैंक खाते में ही ब्लॉक हो जाएगी. शेयर अलॉट होने पर ही पैसा कटेगा; अलॉटमेंट न मिलने पर राशि अपने आप अनब्लॉक हो जाएगी.

किसी भी IPO में पैसा लगाने से पहले जरूर चेक करें ये 4 चीजें

किसी भी अपकमिंग आईपीओ में नुकसान के जोखिम को कम करने के लिए आपको आपको नीचे बताए गए 4 प्रमुख पैमानों पर कंपनी को परखना चाहिए. अगर इन पैमानों पर कंपनी के खड़ा उतरने पर ही निवेश करेंगे, तो लॉस का चांस बहुत ही कम हो जाएगा. 

रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) को खंगालें

RHP कंपनी का आधिकारिक दस्तावेज होता है, जो सेबी की वेबसाइट पर उपलब्ध रहता है. इसमें यह देखना जरूरी है कि कंपनी आईपीओ के पैसों का क्या करेगी? यदि पैसा बिजनेस विस्तार या एसेट्स बनाने में लग रहा है, तो यह अच्छी बात है. वहीं, अगर पुराने प्रमोटर्स अपनी हिस्सेदारी बेचकर निकल रहे हैं, तो सतर्क हो जाएं. इसके अलावा, कंपनी के पिछले 3 से 5 सालों का रेवेन्यू और नेट प्रॉफिट लगातार बढ़ता होना चाहिए.

ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) और सब्सक्रिप्शन देखें

लिस्टिंग से पहले अन ऑफिशियल मार्केट में शेयर जिस प्रीमियम पर ट्रेड करता है, उसे GMP कहते हैं. अगर  GMP लगातार 20% से 30% से ऊपर बना हुआ है, तो धमाकेदार लिस्टिंग की संभावना रहती है.  इसके अलावा आईपीओ के आखिरी दिन तक देखें कि QIB (Qualified Institutional Buyers) ने कितना सब्सक्राइब किया है.

P/E रेशियो यानी Valuation की तुलना करें

 चेक करें कि कंपनी का P/E यानी Price to Earnings रेशियो उसकी टक्कर की दूसरी लिस्टेड कंपटीटर (Peer) कंपनियों के मुकाबले ज्यादा महंगा तो नहीं है. अत्यधिक ओवरवैल्यूड आईपीओ लिस्टिंग के दिन घाटा दे सकते हैं.

बिजनेस मॉडल और फ्यूचर डिमांड

 केवल उन्हीं कंपनियों में निवेश करें, जिनका बिजनेस मॉडल आपको समझ आता हो. भविष्य में जिस सेक्टर की मांग बढ़ने वाली है जैसे ईवी, ग्रीन एनर्जी और टेक, उसमें जोखिम कम होता है.

FD नहीं, टैक्स बचाने और करोड़पति बनने का सबसे तेज तरीका है ELSS! जानिए कैसे

आईपीओ में नुकसान से बचने के थंब रूल्स 

  •  घाटे वाली (Loss Making) कंपनियों से बचें: जो कंपनियां केवल भविष्य के दावों पर टिकी हैं और अभी घाटे में हैं, उनमें रिटेल निवेशकों का पैसा डूबने का खतरा अधिक रहता है.
  •  पहले दिन ही दांव न लगाएं: आईपीओ खुलने के पहले और दूसरे दिन संस्थागत निवेशकों (QIB) का रुख देखें, फिर तीसरे दिन दोपहर तक अंतिम फैसला लें.
  •  लिस्टिंग गेन के लिए स्टॉपलॉस: यदि आपका मकसद सिर्फ लिस्टिंग वाले दिन मुनाफा कमाना है, तो मार्केट खुलते ही प्रॉफिट बुक करें या सख्त स्टॉपलॉस लगाएं.
  •  पोर्टफोलियो डायवर्सिफाई करें: अपनी पूरी पूंजी किसी एक ही आईपीओ में लगाने के बजाय अलग अलग सेक्टर्स की अच्छी कंपनियों में बांटकर निवेश करें.

 डिस्क्लेमर: यह आईपीओ में पैसा लगाने की सलाह नहीं, बल्कि एक सामान्य जानकारी है. शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. किसी भी आईपीओ में पैसा लगाने से पहले अपनी वित्तीय स्थिति की समीक्षा करें और आवश्यकता पड़ने पर सेबी रजिस्टर्ड वित्तीय सलाहकार की मदद लें.

यह भी पढ़ें- Gold ETF में निवेश कैसे करें? जानिए पेपर गोल्ड में पैसा लगाने का सबसे सुरक्षित और आसान तरीका
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Stock Market, Personal Finance, Investment Tips, Share Market, GMP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com