- दिवाली-छठ पर यूपी रोडवेज की स्पेशल बस चलेगी.
- बस सेवा के लिए चालक और परिचालकों को इनसेंटिव.
- दिल्ली, आनंद विहार और गाजियाबाद से जाएगी बस.
दिवाली-छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है. परिवहन विभाग ने 6 नवंबर से 17 नवंबर के बीच दिल्ली और गाजियाबाद से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए भारी संख्या में अतिरिक्त बसों का संचालन करने का निर्णय लिया है. परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देशों के बाद रोडवेज प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं.
किन रूटों पर मिलेंगी अतिरिक्त बसें?
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम पूर्वांचल के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू की है. इसके तहत दिल्ली, आनंद विहार और गाजियाबाद से पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों जैसे लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या और कानपुर के लिए सीधी और अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी. इसके अलावा मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा क्षेत्रों के लिए भी जरूरत के मुताबिक बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे. क्षेत्रीय प्रबंधकों को यह अधिकार दिया गया है कि वे यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों का संचालन घटा या बढ़ा सकें.
कर्मचारियों को मिलेगा प्रोत्साहन भत्ता
त्योहारी सीजन में सुचारु बस सेवाएं सुनिश्चित करने और यात्रियों को फायदा के साथ बस चलाने वाले चालकों-परिचालकों का उत्साह बढ़ाने के लिए निगम ने प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है. त्योहार के दौरान लगातार 11 दिनों तक अपनी सेवाएं देने वाले नियमित, संविदा और आउटसोर्स चालकों-परिचालकों को रोजाना एकमुश्त 4,400 रुपये का प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा.
निर्धारित मानक से अधिक सफर तय करने पर प्रति किलोमीटर अतिरिक्त मानदेय का भी प्रावधान किया गया है. इसके अलावा डिपो कर्मचारियों, कार्यशाला कर्मियों और अधिकारियों के लिए भी विशेष प्रोत्साहन राशि तय की गई है.
परिवहन निगम ने यात्रियों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ से बचने के लिए रोडवेज की इन अतिरिक्त बसों का लाभ उठाएं. किसी भी असुविधा की स्थिति में यात्री बस अड्डों पर बने पूछताछ केंद्रों से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | दिवाली-छठ पर दिल्ली से बिहार के लिए मिल सकती बस सेवा, पटना-मुजफ्फरपुर-भागलपुर हो सकता है रूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं