विज्ञापन

अब भाइयों तक देरी से नहीं पहुंचेगी राखी, डाकघर समय पर सामान पहुंचाने की दे रहा है गारंटी

राखी के पर्व को देखते हुए डाल विभाग दिल्ली में विशेष तैयारियां शुरू कर चुकी है. एक अधिकारिक बयान में बताया गया है कि रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर राखी के विशेष काउंटर स्थापित किए जाएंगे.

अब भाइयों तक देरी से नहीं पहुंचेगी राखी, डाकघर समय पर सामान पहुंचाने की दे रहा है गारंटी
Special Counter for Rakhi Courier
NDTV graphics

क्या आपको डाकघर से राखी पहुंचाने में इस बात का डर लगा रहता है कि कहीं राखी देरी से न पहुंचें. ऐसा डर होना शायद लाजमी भी है, क्योंकि कई बार हमने देखा है कि राखी का त्यौहार बीत जाने के बाद भाइयों तक राखी पहुंच पाती है. लेकिन अब ऐसा नहीं होगा, अगर ऐसा हुआ तो आपको पैसे वापस मिलेंगे. ऐसा हम नहीं बल्कि डाक विभाग के अधिकारिक बयान में बताया गया है. दरअसल, रक्षाबंधन त्यौहार को देखते हुए डाक विभाग ने दिल्ली में विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं.  बुधवार को एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि दिल्ली सर्किल के तहत 34 प्रमुख डाकघरों के साथ-साथ दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विशेष राखी काउंटर स्थापित किए गए हैं, ताकि राखियों और अन्य जरूरी पार्सलों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित की जा सके. 

देरी होने पर मिलेगा पैसा वापस

डाक विभाग ने ग्राहकों से अपील की है कि वे अपनी राखियां और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री समय रहते भेजें. विभाग ने सुरक्षित और तय समय के भीतर डिलीवरी के लिए 24 स्पीड पोस्ट और 48 स्पीड पोस्ट सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार, इन सेवाओं के तहत निर्धारित समय में डिलीवरी की गारंटी दी जाती है. अगर किसी वजह से देरी होती है, तो ग्राहकों को "मनी बैक गारंटी" की सुविधा भी उपलब्ध है.

6 महानगरों में तेजी से डिलीवरी की दी जा रही सुविधा

इस वर्ष रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा, जिसे देखते हुए डाक विभाग ने 22 अगस्त 2026 तक राखी मेल की बुकिंग और प्रेषण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं, ताकि देश भर में राखियां समय पर पहुंच सकें. डाक विभाग ने बताया कि 24 स्पीड पोस्ट सेवा सिर्फ 35 निर्धारित बुकिंग केंद्रों पर उपलब्ध है. इसके माध्यम से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद जैसे 6 प्रमुख महानगरों में तेजी से डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है.

संचार मंत्रालय के अनुसार, त्यौहारी सीजन के दौरान यह सेवा ग्राहकों को तेज, भरोसेमंद और सुनिश्चित डिलीवरी का विकल्प प्रदान करती है, जिससे राखियां समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.

इन डाकघरों में बनाए गए विशेष काउंटर

राखी के लिए विशेष काउंटर जिन प्रमुख डाकघरों में बनाए गए हैं, उनमें अशोक विहार मुख्य डाकघर (एचपीओ), नई दिल्ली जीपीओ, सिविल लाइंस डाकघर, न्यू सब्जी मंडी डाकघर, चाणक्यपुरी डाकघर, नारायणा इंडस्ट्रियल एस्टेट एचपीओ, दिल्ली जीपीओ और पटेल नगर डाकघर शामिल हैं.

इसके अलावा दिल्ली कैंट, पश्चिम विहार, हौज खास, रमेश नगर मुख्य डाकघर, इंद्रप्रस्थ, रोहिणी सेक्टर-7, जनकपुरी, आर.के. पुरम सेक्टर-5, कृष्णा नगर, आर.पी. भवन, करोल बाग और संसद मार्ग स्थित डाकघरों में भी यही सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

स्पीड पोस्ट की बुकिंग भी है उपलब्ध

स्पीड पोस्ट सेवाओं की बुकिंग दिल्ली के कई केंद्रों पर उपलब्ध है, जिनमें कश्मीरी गेट, बसंत लोक, एएमपीसी, मार्केट रोड, कृष्णा नगर, दिल्ली जीपीओ, नई दिल्ली जीपीओ, नारायणा इंडस्ट्रियल एस्टेट, आरएमएस भवन का पीओएस काउंटर और सफदरजंग स्थित ई-कॉमर्स सेंटर प्रमुख हैं.

ये भी पढ़ें - रक्षाबंधन से पहले बदल जाएंगे स्पीड पोस्ट के नियम, राखी भेजने से पहले देखें नई रेट लिस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Post Office, Rakhi, Rakshabandha, Postoffice, Festival
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com