Post Office Speed Post New Rules: अगर आप रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी भेजने या अपने जरूरी दस्तावेज और बैंक पासबुक भेजने के लिए भारतीय डाक (India Post) की स्पीड पोस्ट (Speed Post) सेवा का उपयोग करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है. डाक विभाग ने 1 अगस्त 2026 से स्पीड पोस्ट के नियमों और शुल्क संरचना में बड़ा बदलाव लागू कर दिया है.
नए नियमों के तहत अब डॉक्यूमेंट (Document) और पार्सल (Parcel) की श्रेणियां पूरी तरह अलग कर दी गई हैं. इसके साथ ही देश के 6 प्रमुख महानगरों में फास्ट डिलीवरी के लिए विशेष एक्सप्रेस स्पीड पोस्ट सेवाएं भी शुरू की गई हैं.
किसे माना जाएगा डॉक्यूमेंट और किसे पार्सल?
डाक विभाग ने भ्रम दूर करने और प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए बिना किसी कमर्शियल वैल्यू वाली वस्तुओं को डॉक्यूमेंट की कैटेगरी में रखा है. डॉक्यूमेंट और पार्सल में कौन -कौन सी चीजों को रखा गया है, इसकी जानकारी नीचे दी गई है.
ये माने जाएंगे डॉक्यूमेंट्स
भारतीय डाक विभाग के नए नियम के मुताबिक, अब पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और दूसरे सरकारी पहचान पत्र जैसे यूआईडीएआई की ओर से जारी किए गए पहचान पत्र इसमें शामिल है. इसके अलावा, बैंकिंग एंड फाइनेंशियल से संबंधित पेपर्स जैसे बैंक पासबुक, चेक बुक, वेलकम किट, बैंक स्टेटमेंट, क्रेडिट व डेबिट कार्ड्स और इंश्योरेंस डाक्यूमेंट्स को डॉक्यूमेंट्स में रखा गया है. वहीं, रक्षाबंधन के त्योहार और बर्थ डे व अन्य डेज को ध्यान में रखते हुए देखते हुए 500 ग्राम तक के नॉन कमर्शियल राखी वाले लिफाफे, छोटे पैकेट और ग्रीटिंग कार्ड्स को डॉक्यूमेंट ही माना जाएगा.
इन सामानों को माना जाएगा पार्सल
डॉक्यूमेंट सूची के अलावा बाकी सभी सामानों को पार्सल माना जाएगा जैसे इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स और मोबाइल फोन, कपड़े और रेडीमेड गारमेंट्स, गिफ्ट आइटम्स और अन्य भारी सामान.
24 व 48 घंटे में डिलीवरी की नई स्पीड पोस्ट सर्विस
इसके अलावा, डाक विभाग ने बेहद कम समय में डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए 24 Speed Post और 48 Speed Post नाम से दो नई विशेष एक्सप्रेस सेवाएं शुरू की हैं. 24 Speed Post सेवा के तहत बुकिंग के 24 घंटे के भीतर पैकेट डिलीवर करने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, 48 Speed Post सेवा के तहत 48 घंटे के भीतर मंजिल तक डिलीवरी पूरी की जाएगी. हालांकि, यह फास्ट एक्सप्रेस सुविधा फिलहाल देश के 6 प्रमुख महानगरों जैसे दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में शुरू की जा रही है. इससे बैंकों, वित्तीय संस्थानों और नियमित रूप से कागजात भेजने वाले आम नागरिकों को बहुत बड़ा फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है.
रिटेल के लिए स्पीड पोस्ट की नई रेट लिस्ट
एक अगस्त से खुदरा ग्राहकों के लिए स्पीड पोस्ट का शुल्क पैकेट के वजन, दूरी और चुनी गई सर्विस के प्रकार के आधार पर तय किया जाएगा. इसमें अलग से जीएसटी शुल्क भी देना होगा.
- लोकल डिलीवरी (50 ग्राम तक): ₹38 प्रति आर्टिकल
- Pan India (50 ग्राम तक): ₹94 प्रति आर्टिकल
- 51 गांव से 250 गांव तक: ₹118 से ₹154 प्रति आर्टिकल
- 251 ग्राम से 500 ग्राम तक: ₹140 से ₹186 तक
- 48 Speed Post : ₹61 से ₹121 प्रति आर्टिकल
यह भी पढ़ें- LPG कमर्शियल सिलेंडर ₹202 हुआ सस्ता: जानिए घरेलू गैस, CNG, PNG और ATF के ताजा रेट्स
अगर आप इस रक्षाबंधन पर समय से राखी या कोई आवश्यक दस्तावेज भेजना चाहते हैं, तो डाकघर जाने से पहले वजन और श्रेणी की जांच अवश्य कर लें, ताकि आपको सही दर पर सबसे तेज सेवा मिल सके.
यह भी पढ़ें- आज से बदल गए तत्काल टिकट बुकिंग के नियम: जानिए अब काउंटर और ऑनलाइन कैसे मिलेगा टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं