सऊदी अरब में घर या प्रॉपर्टी खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. अब विदेश में बैठे लोग भी वहां प्रॉपर्टी खरीदने की प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू कर सकेंगे. सऊदी सरकार ने एक नया डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है, जिससे आवेदन करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा. अब अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. एक ही जगह से आवेदन करना, उसकी जानकारी देखना और आगे की प्रक्रिया पूरी करना आसान हो जाएगा. सरकार का कहना है कि इससे फौरन इन्वेस्टर्स को सऊदी अरब में निवेश करने में बड़ी मदद मिलेगी.
एक ही जगह होगा पूरा काम
सरकार ने इस नए पोर्टल को खासतौर पर विदेशियों के लिए तैयार किया है. इसके जरिए लोग ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. साथ ही ये भी पता कर सकेंगे कि वे प्रॉपर्टी खरीदने के लिए योग्य हैं या नहीं. आवेदन जमा करने से लेकर उसका स्टेटस देखने और मंजूर प्रोजेक्ट्स की जानकारी लेने तक का पूरा काम इसी पोर्टल पर होगा.
कौन खरीद सकता है प्रॉपर्टी
नए नियमों के बाद विदेशी नागरिक, विदेशी कंपनियां और कुछ दूसरी संस्थाएं भी सऊदी अरब के ज्यादातर इलाकों में प्रॉपर्टी खरीद सकेंगी. जो लोग पहले से सऊदी अरब में रह रहे हैं, वे अपने इकामा नंबर से सीधे आवेदन कर सकते हैं. वहीं जो लोग सऊदी अरब के बाहर रहते हैं, उन्हें पहले अपनी डिजिटल पहचान बनानी होगी. इसके बाद वे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
कंपनियों को भी मिलेगा फायदा
विदेशी कंपनियां भी अब सऊदी अरब के प्रॉपर्टी बाजार में आसानी से निवेश कर सकेंगी. इसके लिए उन्हें पहले जरूरी रजिस्ट्रेशन कराना होगा. इसके बाद वे नियमों के मुताबिक प्रॉपर्टी खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं.
मक्का और मदीना में नियम अलग
हालांकि नए नियम लागू होने के बाद भी मक्का और मदीना के लिए पुराने नियम ही रहेंगे. इन दोनों पवित्र शहरों में हर कोई प्रॉपर्टी नहीं खरीद सकेगा. गैर-मुस्लिम विदेशी नागरिकों को यहां प्रॉपर्टी खरीदने की अनुमति नहीं होगी.
बड़े प्रोजेक्ट्स को मिलेगा फायदा
सऊदी अरब इस समय कई बड़े शहरों और नई टाउनशिप पर काम कर रहा है. सरकार को उम्मीद है कि विदेशी खरीदारों के आने से इन प्रोजेक्ट्स में इनवेस्टमेंट बढ़ेगा. इससे घरों और कमर्शियल प्रॉपर्टी की मांग भी बढ़ सकती है और रियल एस्टेट सेक्टर को नया सहारा मिलेगा.
यह भी पढ़ें- Tatkaal Passport Scheme: जल्दी चाहिए Passport? तत्काल स्कीम में ऐसे करें आवेदन, जानें फीस, रूल्स और पूरा प्रोसेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं