विज्ञापन

आप भी फ्री में घूम सकते हैं राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान, पहुंचने से पहले करें ऑनलाइन बुकिंग, जानें शेड्यूल

अमृत उद्यान का ग्रीष्मकालीन वार्षिक संस्करण 16 अगस्त से 15 सितंबर तक आम जनता के लिए खुला रहेगा. केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से मिलेगा शटल.

आप भी फ्री में घूम सकते हैं राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान, पहुंचने से पहले करें ऑनलाइन बुकिंग, जानें शेड्यूल
Rashtrapati Bhavan Amrit Udyan

सावन के सुहावने मौसम में रंग-बिरंगे फूलों का आनंद लेना सभी को अच्छा लगता है. हालांकि इसका आनंद आप भी ले सकते हैं. क्योंकि राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान 16 अगस्त यानी रविवार से आम लोगों के लिए खुलने जा रहा है. इसके बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि इस बार उद्यान का मुख्य आकर्षण भारत के स्वदेशी और स्थानीय फूलों वाले पौधे होंगे, जो अपने जीवंत रंगों और पारिस्थितिक महत्व के लिए जाने जाते हैं.

इन स्वदेशी पौधों में गुल-मेहंदी, अपराजिता, रुक्मिणी, वर्षा फूल, लाल साग और नागफनी सहित अन्य फूलों वाले पौधे शामिल हैं, जो भारत की समृद्ध वनस्पति विरासत को दर्शाते हैं और उद्यानों की जैव-विविधता को बढ़ाते हैं.

कब तक खुला रहेगा अमृत उद्यान

अमृत उद्यान का ग्रीष्मकालीन वार्षिक संस्करण 16 अगस्त से 15 सितंबर तक आम जनता के लिए खुला रहेगा. बब्बलिंग ब्रुक गार्डन इस उद्यान का नया शांतिपूर्ण स्थल है, जहां पानी का धीमा प्रवाह और जीवंत हरियाली एक शांतिपूर्ण सुकूनभरा वातावरण बना रहे हैं. 

बब्बलिंग ब्रुक गार्डन

Photo Credit: IANS

राष्ट्रपति की उप प्रेस सचिव नविका गुप्ता ने बताया कि स्वदेशी और स्थानीय पुष्पीय पौधे अमृत उद्यान के ‘ग्रीष्मकालीन वार्षिक संस्करण 2026' के मुख्य आकर्षण हैं. ये पौधे अपने जीवंत रंगों और पारिस्थितिक महत्व के लिए जाने जाते हैं.

उद्यान खुलने की टाइमिंग और कब रहेगा बंद

अमृत उद्यान रोजाना सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक खुला रहेगा जिसमें अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे तक होगा. जबकि रखरखाव के लिए उद्यान प्रत्येक सोमवार को बंद रहेगा. जिसमें उद्यान के सभी चीजों को व्यवस्थित किया जा सके. नविका गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को खिलाड़ियों और शिक्षक दिवस के मौके पर पांच सितंबर को शिक्षकों को अमृत उद्यान में विशेष प्रवेश मिलेगा. वहीं उद्यान में फोन, पर्स, हैंडबैग, पानी की बोतलें, बच्चों के दूध की बोतल और छाता के अलावा कोई वस्तु नहीं ले जाने का आदेश दिया गया है.

अमृत उद्यान ऑनलाइन बुकिंग

नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास स्थित गेट संख्या 35 से उद्यान में एंट्री और एग्जिट यानी प्रवेश और निकासी होगी. इसके लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा, यानी यह बिलुकल फ्री होगा. वहीं टिकट ऑनलाइन बुक कर सकते हैं. आने वाले लोग visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर जाकर स्टॉट बुक कर सकते हैं. आप उद्यान पहुंचकर वहां से बुकिंग नहीं कर पाएंगे. स्लॉट बुक होने के बाद ही वहां पहुंचना होगा. वहीं अमृत उद्यान जाने के लिए हर 30 मिनट के अंतराल पर केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान के प्रवेश द्वार तक शटल बस सेवा उपलब्ध होगी.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amrit Udyan, Amrit Udyan 2026, Amrit Udyan Ticket Booking, Amrit Udyan Timing, Rashtrapati Bhavan Amrit Udyan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com