Rashtrapati Bhavan Amrit Udyan: अगर आप खूबसूरत फूलों, हरे-भरे लॉन और शांत माहौल में घूमना पसंद करते हैं, तो आपके लिए सुनहरा मौका है. राष्ट्रपति भवन परिसर में बना प्रसिद्ध अमृत उद्यान (Rashtrapati Bhavan Amrit Udyan) अब आम जनता के लिए खोला जा रहा है. साल में केवल कुछ समय के लिए खुलने वाला यह उद्यान रंग-बिरंगी फूलों की क्यारियों और सुंदर सजावट के लिए जाना जाता है.
यहां घूमना किसी फूलों की प्रदर्शनी देखने जैसा अनुभव देता है, जहां हर कोना फोटो लेने लायक लगता है. इस बार विजिटर्स 3 फरवरी से 31 मार्च तक यहां घूम सकेंगे और सबसे अच्छी बात, एंट्री पूरी तरह फ्री है.
अमृत उद्यान कब जाएं? (Visiting Dates & Timings)
अमृत उद्यान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा. हालांकि, ध्यान रखें कि शाम 5:15 बजे के बाद अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी. हर सोमवार को मेंटेनेंस के चलते उद्यान बंद रहेगा. इसके अलावा 4 मार्च (होली) को भी विजिट नहीं किया जा सकेगा.
अमृत उद्यान की टिकट कैसे बुक करें? (How to Book Entry Ticket)
अमृत उद्यान में प्रवेश निःशुल्क है, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य है. आप आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्लॉट बुक कर सकते हैं.
ऑनलाइन बुकिंग (Online Booking):
आप ऑफिशियल वेबसाइट visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर जाकर अपना स्लॉट रिजर्व कर सकते हैं.
ऑफलाइन बुकिंग (Offline Booking): अगर आप सीधे पहुंच रहे हैं, तो गेट नंबर 35 के बाहर लगे सेल्फ-सर्विस कियोस्क से पास निकाला जा सकता है.
कैसे पहुंचें अमृत उद्यान, कौन सा है नजदीकी मेट्रो स्टेशन:
नजदीकी मेट्रो स्टेशन सेंट्रल सेक्रेटेरिएट (गेट नंबर 38, 1 किमी) या पटेल चौक है. इसके अलावा, शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन भी लगभग 2 किमी दूर हैं. अमृत उद्यान की एंट्री राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 35 से होगी. सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक हर 30 मिनट में शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी. आप दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों या ऑटो-रिक्शा से भी पहुंच सकते हैं.

ये भी पढ़ें: Valentine Week पर पार्टनर के साथ जाना चाहते हैं घूमने, तो ये 4 जगह हैं बेस्ट, कम खर्च पर घूम आइए
शटल सर्विस की जानकारी (Shuttle Service Details)
विजिटर्स की सुविधा के लिए खास शटल बस सेवा चलाई जाएगी.
कहां से: केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक
समय: सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक
हर 30 मिनट में बस उपलब्ध होगी शटल. पहचान के लिए बसों पर “Shuttle Service for Amrit Udyan” लिखा होगा.
क्या ले जा सकते हैं? (Allowed Items)
सुरक्षा नियमों के चलते विजिटर्स को केवल जरूरी और सीमित सामान ही अंदर ले जाने की इजाजत है. आप अपने साथ मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबी, पर्स या छोटा हैंडबैग, पानी की बोतल, बच्चों की दूध की बोतल और छाता ले जा सकते हैं.
इन चीजों के अलावा किसी भी अन्य सामान को उद्यान के अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होगी. अगर आप फूलों की खुशबू, खूबसूरत लॉन और शाही माहौल का अनुभव लेना चाहते हैं, तो यह मौका बिल्कुल न गंवाएं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं