अगर आप रेलवे के जरिए पार्सल भेजते हुए परेशान होते हैं. तो आने वाले समय में आपकी बड़ी परेशानी खत्म हो सकती है. रेलवे पार्सल बुकिंग सेवा को पूरी तरह आसान, तेज और डिजिटल बनाने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत यात्री अपने पार्सल की बुकिंग से लेकर डेस्टिनेशन तक पहुंचने की पूरी जानकारी मोबाइल ऐप, एसएमएस या ईमेल के जरिए घर बैठे हासिल कर सकेंगे. रेलवे बोर्ड ने देशभर के मेन स्टेशनों पर पार्सल सेवाओं की जानकारी ली है. जिसकी एक रिपोर्ट तैयार की गई है रिपोर्ट के आधार पर पार्सल केंद्रों को मॉर्डन बनाने, ट्रैकिंग सिस्टम मजबूत करने और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देने की प्लानिंग की जा रही है.
अभी इन दिक्कतों का करना पड़ता है सामना
रिपोर्ट तैयार करने से पहले नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालयों का इंस्पेक्शन किया गया. इसमें सामने आया कि कई स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग काउंटर और सामान जमा करने की जगह काफी दूर-दूर हैं. ग्राहकों को पहले एक जगह बुकिंग करानी पड़ती है और फिर पार्सल दूसरी जगह ले जाना पड़ता है. इसके अलावा कई बार पार्सल को ट्रेन में सही तरीके से नहीं रखा जाता, जिससे नुकसान की आशंका बनी रहती है.
डिजिटल ट्रैकिंग से मिलेगी हर अपडेट
रेलवे की योजना है कि पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम (PMS) ऐप को और बेहतर बनाया जाए. सभी पार्सलों पर RFID आधारित स्कैनिंग की व्यवस्था हो. जिससे उनकी सटीक लोकेशन का पता चलता रहे. ग्राहक मोबाइल ऐप, एसएमएस और ईमेल के जरिए अपने पार्सल की हर गतिविधि की जानकारी ले सकेंगे. इससे पार्सल के गलत जगह पहुंचने की घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है.
पार्सल केंद्रों को बनाया जाएगा मॉर्डन
रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि पार्सल केंद्रों पर एडवांस वेयरहाउसिंग और मेकेनाइज्ड हैंडलिंग सिस्टम लागू किया जाए. प्लेटफॉर्म तक सामान पहुंचाने के लिए बैटरी कार्ट या छोटी वैन जैसी शटल सेवा उपलब्ध कराई जाए. नाजुक और जल्दी खराब होने वाले सामान के लिए तापमान कंट्रोल करने वाले स्टोरेज की सुविधा की भी सिफारिश की गई है.
यह भी पढ़ें:- Indian Railways Rules: भारतीय रेलवे के नए नियम, ट्रेनों में इस तरह का सामान ले जाने पर 10,000 रुपये का लगेगा जुर्माना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं