विज्ञापन

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ा झटका, अब सब्सिडी वाले 9 सिलेंडर के बजाय मिलेंगे सिर्फ 4, जानिए वजह

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलने वाले सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की संख्या कम कर दी है. अब साल में 9 की जगह सिर्फ 4 सिलेंडर ही सब्सिडी पर मिलेंगे.

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ा झटका, अब सब्सिडी वाले 9 सिलेंडर के बजाय मिलेंगे सिर्फ 4, जानिए वजह
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना
file photo

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को झटका लगा है. केंद्र सरकार ने सोमवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों को मिलने वाले सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की संख्या कम कर दी है. अब साल में 9 की जगह सिर्फ 4 सिलेंडर ही सब्सिडी पर मिलेंगे. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना मई 2016 में शुरू हुई थी, तब लाभार्थियों को हर साल 12 सब्सिडी वाले 14.2 किलो के LPG सिलेंडर मिलते थे. बाद में इसे घटाकर 9 किया गया था और अब इसे और कम करके 4 कर दिया गया है.

उज्ज्वला योजना में सिर्फ 4 सिलेंडरों पर ही मिलेगी सब्सिडी

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव प्रवीण मल खानूजा ने बताया कि यह नया फैसला लोगों की औसत सालाना गैस खपत को ध्यान में रखकर लिया गया है. सरकार का मानना है कि ज्यादातर उज्ज्वला योजना के लाभार्थी साल में औसतन इतने ही सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं. सरकार ने साफ ईंधन को बढ़ावा देने और गैस को सस्ता बनाने के लिए मई 2022 में एक खास सब्सिडी शुरू की थी. इसके तहत 14.2 किलो के हर LPG सिलेंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी दी जाती थी, जो हर रिफिल के बाद सीधे लोगों के बैंक खाते में भेजी जाती थी. बाद में अक्टूबर 2023 में इसे बढ़ाकर 300 रुपये प्रति सिलेंडर कर दिया गया. इसी तरह 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर पर भी अनुपात के हिसाब से फायदा दिया गया. अब हाल ही में सब्सिडी वाले सिलेंडर की संख्या कम करने का फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब LPG के दाम बार-बार बढ़ रहे हैं.

क्या हैं नए नियम?

300 की सब्सिडी जारी रहेगी- लाभार्थियों को साल के पहले 4 सिलेंडरों पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी मिलती रहेगी. यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी.

कीमत- सब्सिडी के बाद लाभार्थियों को पहले 4 सिलेंडरों के लिए 642 प्रति सिलेंडर यानी दिल्ली की वर्तमान 942 रुपये की कीमत के आधार पर भुगतान करना होगा.

5वें सिलेंडर से पूरी कीमत- जैसे ही कोई लाभार्थी साल का 5वां या उससे अधिक सिलेंडर बुक करेगा, उसे बिना किसी सब्सिडी के पूरी कीमत चुकानी होगी.

दिल्ली में 14.2 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत पिछले 3 महीनों में दो बार बढ़कर कुल 89 रुपये महंगी हो गई है. 7 जून को हुई ताजा बढ़ोतरी के बाद अब इसकी कीमत 942 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है. हालांकि, 300 रुपये की सब्सिडी के बाद उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों को यह सिलेंडर 642 रुपये में मिलता है. अधिकारी प्रवीण मल खानूजा के मुताबिक, सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या में बदलाव लोगों के औसत इस्तेमाल के हिसाब से किया गया है.

सरकार ने बताई वजह

सरकार के अनुसार, एक सिलेंडर की सप्लाई लागत करीब 1,600 रुपये है, जबकि लाभार्थी को करीब 1,000 रुपये तक की कुल मदद मिल जाती है. 7 जून को सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. इस पर उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी रोज के हिसाब से केवल 1 रुपये के आसपास है. उनका कहना है कि अगर 5 लोगों का परिवार है, तो यह खर्च करीब 20 पैसे प्रति व्यक्ति रोजाना बैठता है. खानूजा ने यह भी कहा कि मिडिल ईस्ट में हुई घटनाओं के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस के दाम बढ़े हैं, फिर भी भारत में घरेलू गैस की कीमतें दुनिया के कई देशों से कम हैं.

यह भी पढ़ें:- तेल की बोतल का अब नहीं होगा अलग-अलग साइज, हर ब्रांड का पैकिंग साइज होगा एक जैसा, जानिए सरकार के नए नियम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com