विज्ञापन

PM Surya Sarovar Yojana: अब पानी पर तैरेंगे सोलर पैनल! जानिए क्या है 'सूर्य सरोवर योजना',किसे मिलेगी सस्ती बिजली का फायदा

PM Surya Sarovar Yojana:इस फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट से घरेलू उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली मिलेगी, जबकि किसानों को सिंचाई के लिए किफायती बिजली उपलब्ध होगी. जानिए यह कैसे घटाएगी आपका बिजली बिल? किन लोगों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा

PM Surya Sarovar Yojana: अब पानी पर तैरेंगे सोलर पैनल! जानिए क्या है 'सूर्य सरोवर योजना',किसे मिलेगी सस्ती बिजली का फायदा
Floating solar projects: तालाबों और झीलों से पैदा होगी 5,000 MW बिजली! कैबिनेट की मंजूरी के बाद जानें किसानों और आम लोगों को कैसे होगा फायदा

Surya Sarovar Yojana: अगर आने वाले समय में आपके शहर के किसी तालाब या झील पर सोलर पैनल तैरते दिखाई दें, तो हैरान होने की जरूरत नहीं है. केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना (PM Surya Sarovar Yojana) को मंजूरी दे दी है. इस योजना के तहत देशभर के तालाबों, झीलों और बड़े जलाशयों पर फ्लोटिंग सोलर पैनल लगाए जाएंगे. सरकार का मकसद साफ है स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन बढ़ाना, बिजली की लागत कम करना और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सस्ती बिजली पहुंचाना.

क्या है प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना?

प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना (Surya Sarovar Yojana) के तहत देशभर के जलाशयों, तालाबों, झीलों की सतह पर बड़े पैमाने पर तैरते हुए सोलर पैनल (Floating Solar Panel) लगाए जाएंगे. इन पैनलों से बनने वाली बिजली को नेशनल ग्रिड से जोड़ा जाएगा, जिससे अलग-अलग राज्यों में क्लीन एनर्जी की उपलब्धता बढ़ेगी और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी.

सरकार का लक्ष्य इस योजना के जरिए 5,000 मेगावाट क्षमता की फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट (Floating Solar Project) विकसित करना है.

कैबिनेट से मिली मंजूरी, कितना होगा निवेश?

केंद्रीय कैबिनेट ने इस योजना को मंजूरी दे दी है. इसके तहत फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट्स को 2026-27 से 2030-31 के बीच मंजूरी दी जाएगी.योजना में करीब 5,070 करोड़ रुपये का सरकारी खर्च होगा. सरकार हर मेगावाट परियोजना पर 1 करोड़ रुपये तक की केंद्रीय सहायता देगी. वहीं, इस योजना में कुल निवेश करीब 28,500 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है.

घरेलू उपभोक्ताओं को कैसे मिलेगा फायदा?

सरकार का मानना है कि जब देश में सोलर एनर्जी प्रोडक्शन बढ़ेगा तो  इलेक्ट्रिसिटी प्रोडक्शन कॉस्ट  भी कम होगी. इसका फायदा आम घरेलू उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली के रूप में मिलने की उम्मीद है. यानी आने वाले दिनों में  ज्यादा किफायती और इको-फ्रेंडली बिजली मिल सकती है.

किसानों को क्या मिलेगी राहत?

इस योजना का बड़ा फायदा किसानों को भी मिल सकता है. तालाबों और जलाशयों के आसपास बनने वाली बिजली का इस्तेमाल सिंचाई और खेती से जुड़े काम में किया जा सकेगा. इससे किसानों को  किफायती बिजली मिलने की संभावना है, जिससे खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है.

उद्योगों और स्थानीय इलाकों को भी होगा लाभ

जलाशयों, नहरों और इंडस्ट्रियल रीजन के आसपास बनने वाली बिजली का फायदा वहां मौजूद इंडस्ट्री और स्थानीय इलाकों को भी मिलेगा. कम लागत में बिजली उपलब्ध होने से उद्योगों का खर्च कम हो सकता है. साथ ही, बिजली की ज्यादा मांग वाले समय यानी पीक डिमांड के दौरान राज्यों के बिजली ग्रिड पर दबाव भी कम करने में मदद मिलेगी.

पानी पर सोलर पैनल लगाने से क्या होंगे बड़े फायदे?

फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसके लिए अलग से जमीन की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे जमीन की कमी जैसी समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है.इसके अलावा, पानी की सतह पर सोलर पैनल होने से तेज धूप के दौरान जलाशयों का पानी तेजी से भाप बनकर उड़ने यानी वाष्पीकरण की प्रक्रिया भी कम होगी. इससे पानी का संरक्षण करने में भी मदद मिल सकती है.

क्यों खास मानी जा रही है यह योजना?

प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना एक साथ कई उद्देश्यों को पूरा करने की कोशिश करती है. इससे ग्रीन एनर्जी प्रोडक्शन बढ़ेगा, बिजली की लागत कम करने में मदद मिलेगी, जमीन का बेहतर उपयोग होगा और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. साथ ही, राज्यों को पीक डिमांड के समय अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराने में भी यह योजना अहम भूमिका निभा सकती है.

सरकार की यह योजना आने वाले वर्षों में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं, किसानों और उद्योगों तक किफायती बिजली पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें-  RBI का बड़ा फैसला: अब बैंक की हर ब्रांच में FD पर मिलेगा एक जैसा ब्याज, 1 अक्टूबर से क्या-क्या बदलेगा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Surya Sarovar Yojana, Cheap Electricity, Solar Panel, Solar Power Project
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com