दिल्ली की महिलाओं के लिए जरूरी खबर है. दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने अपने कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है. अब पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड वितरण केंद्रों पर काम कर रहे कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश मिलेगा. इस फैसले से न केवल कर्मचारियों को राहत मिलेगी, बल्कि योजना का संचालन भी व्यवस्थित तरीके से जारी रहेगा. अब हर सोमवार को पिंक कार्ड केंद्र बंद रहेंगे यानी हर सोमवार को पिंक कार्ड नहीं बनेंगे. इसकी जानकारी खुद डीटीसी ने दी है.
पिंक सहेली कार्ड क्या है?
यह कार्ड वन नेशन, वन कार्ड योजना के तहत जारी किया गया है. इस कार्ड की मदद से योग्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को बस में मुफ्त यात्रा करने की सुविधा मिलेगी. साथ ही यही एक स्मार्ट कार्ड मेट्रो और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा.
हर सोमवार को बंद रहेंगी पिंक कार्ड केंद्र
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने आज 15 जून, 2026 से लागू नई व्यवस्था के तहत सभी 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' (NCMC) वितरण केंद्रों को हर सोमवार को पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया है. यह फैसला इन केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश (Weekly Off) देने के उद्देश्य से लिया गया है. पिंक सहेली राष्ट्रीय सामान्य गतिशीलता कार्ड (NCMC) योजना के तहत दिल्ली की पात्र महिलाओं को DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है. इस योजना को डिजिटल स्वरूप में लागू किया गया है, जिससे महिलाएं टैप-एंड-गो स्मार्ट कार्ड का उपयोग कर सकें. इस सेवा को 3 मार्च, 2026 से शुरू किया गया था और अब तक दिल्ली में 70 से अधिक केंद्रों पर 10 लाख से ज्यादा कार्ड जारी किए जा चुके हैं.
— Delhi Transport Corporation (@dtchq_delhi) June 12, 2026
पिंक कार्ड केंद्र खुलने का समय
पिंक कार्ड केंद्र अभी तक हर दिन खुल रहे थे, लेकिन नए नियम के लागू होने के बाद अब हर सोमवार को केंद्र बंद रहेंगे. इससे पहले ये केंद्र हफ्ते के सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम तक खुले रहते थे. अब केवल सोमवार को छोड़कर बाकी सभी दिन सेवाएं मिलेंगी. शुरुआत में यह अभियान 50 केंद्रों से शुरू हुआ था, जो अब बढ़कर 70 से अधिक केंद्रों तक पहुंच चुका है.
पिंक कार्ड कैसे बनेगा
- Mufin Pay Website या अन्य अधिकृत सरकारी पोर्टल पर जाएं.
- मोबाइल नंबर डालकर OTP से वेरीफाई करें
- अपना आधार नंबर दर्ज करें और OTP से प्रमाणित करें.
- सफल सत्यापन के बाद एक QR कोड जेनरेट होगा, इसे डाउनलोड करें.
- इस QR कोड को लेकर अपने नजदीकी डीटीसी (DTC) केंद्र पर जाएं और अपना कार्ड प्राप्त करें.
- इसके अलावा अपने नजदीकी डीटीसी केंद्र, डीएम (DM) या एसडीएम (SDM) कार्यालय में जाएं.
- केंद्र पर मौजूद प्रतिनिधि को अपना नाम, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड दें.
- एजेंट सत्यापन के बाद आपका पिंक स्मार्ट कार्ड तुरंत जारी कर देगा.
यह भी पढ़ें:- नोएडा एयरपोर्ट की 10 खूबियां, जो देश के किसी अन्य एयरपोर्ट से ज्यादा है खास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं