विज्ञापन

अब WhatsApp पर चेक कर सकेंगे PF बैलेंस, क्लेम स्टेटस और खाते की पूरी जानकारी, जानें कैसे काम करेगी नई सुविधा

PF Balance Check: EPFO अब ऐसी नई व्यवस्था ला रहा है, जिससे लोग अपने पीएफ खाते से जुड़ी जानकारी सीधे WhatsApp पर पा सकेंगे. यानी आप अपने व्हाट्सऐप पर ही पीएफ बैलेंस देख सकेंगे, क्लेम की स्थिति और दूसरी जरूरी जानकारी पर सकेंगे.

अब WhatsApp पर चेक कर सकेंगे PF बैलेंस, क्लेम स्टेटस और खाते की पूरी जानकारी, जानें कैसे काम करेगी नई सुविधा
अब WhatsApp पर मिलेगी PF की पूरी जानकारी

PF Balance Check: नौकरी करने वाले लोगों के लिए जल्द एक बड़ी सुविधा शुरू होने वाली है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अब ऐसी नई व्यवस्था लाने की तैयारी कर रहा है, जिससे लोग अपने पीएफ खाते से जुड़ी जानकारी सीधे WhatsApp पर देख सकेंगे. इसके बाद पीएफ बैलेंस चेक करने या क्लेम की जानकारी लेने के लिए बार-बार EPFO की वेबसाइट या दूसरी ऐप पर लॉगइन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. नई सुविधा शुरू होने के बाद लोग अपने मोबाइल पर कुछ ही सेकंड में पीएफ से जुड़ी जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे. इससे समय भी बचेगा और काम भी आसान हो जाएगा.

WhatsApp पर क्या-क्या जानकारी मिलेगी?

EPFO की इस नई सुविधा के जरिए कर्मचारी अपने पीएफ खाते की कई जरूरी जानकारियां व्हाट्सऐप पर देख सकेंगे. इसमें पीएफ बैलेंस, पिछले पांच ट्रांजैक्शन, क्लेम स्टेटस और खाते से जुड़ी दूसरी जरूरी जानकारी शामिल होगी. अगर किसी कर्मचारी ने पीएफ निकालने के लिए आवेदन किया है या एडवांस क्लेम लगाया है और उसका काम रुका हुआ है, तो उसकी जानकारी भी व्हाट्सऐप पर मिल जाएगी.

कैसे काम करेगी यह सुविधा?

EPFO जल्द अपना आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर जारी करेगा. यह एक सत्यापित नंबर होगा, जिस पर ग्रीन टिक भी दिखाई देगा ताकि लोग सही नंबर पहचान सकें.

सदस्य को अपने UAN से जुड़े मोबाइल नंबर से EPFO के व्हाट्सऐप नंबर पर सिर्फ 'Hello' लिखकर मैसेज भेजना होगा. इसके बाद सिस्टम मोबाइल नंबर की पहचान करेगा और फिर अलग-अलग सेवाओं के विकल्प दिखाएगा. कर्मचारी अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनकर जानकारी देख सकेंगे.

AI चैटबॉट भी करेगा मदद

इस सुविधा में AI आधारित चैटबॉट भी दिया जाएगा. यह चैटबॉट दिन-रात यानी 24 घंटे काम करेगा. कर्मचारी इससे पीएफ ट्रांसफर, प्रोफाइल अपडेट, लंबित क्लेम, आधार से जुड़ी परेशानी, बैंक खाते की जानकारी या दूसरी समस्याओं के बारे में मदद ले सकेंगे. कुछ मामलों में शिकायत दर्ज करने और उसकी स्थिति देखने की सुविधा भी मिल सकती है.

स्थानीय भाषा में भी मिलेगी सुविधा

EPFO इस सेवा को अलग-अलग भाषाओं में शुरू करने की तैयारी कर रहा है. इससे लोग अपनी स्थानीय भाषा में भी जानकारी ले सकेंगे और सुविधा का इस्तेमाल करना आसान होगा.

हालांकि, इस सुविधा के शुरू होने से पहले EPFO ने लोगों को सावधान रहने की सलाह भी दी है. कर्मचारियों को सिर्फ EPFO के आधिकारिक और सत्यापित WhatsApp नंबर का ही इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है. इससे अलग किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड या बैंक की निजी जानकारी शेयर न करें.

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बनने जा रहा है खंडित मूर्तियों का Collection Centre, सीएम रेखा गुप्ता ने दी जानकारी, जान लें काम की बात

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com