डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म Paytm ने अपने यूजर्स के लिए दो शानदार फीचर्स लॉन्च किए हैं, जिससे पैसे का लेन-देन पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित हो गया है. अब यूजर UPI पेमेंट के लिए Face ID या फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल कर सकते हैं और ATM से बिना कार्ड के कैश भी निकाल सकते हैं. यह नया अपडेट रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (Reserve Bank of India) के 1 अप्रैल से लागू हुए नए नियमों के तहत लाया गया है, जिसमें हर डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) जरूरी कर दिया गया है.
अब Face ID और फिंगरप्रिंट से करें पेमेंट
Paytm के इस नए फीचर के बाद अब आपको हर बार UPI PIN डालने की जरूरत नहीं होगी. आप अपने मोबाइल के Face ID या फिंगरप्रिंट से ही पेमेंट को कन्फर्म कर सकते हैं. यह फीचर Android और iPhone दोनों पर काम करेगा. Paytm ने प्रेस रिलीज के जरिए बताया कि यूजर्स का बायोमेट्रिक डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहता है. यह डेटा न तो Paytm और न ही बैंक के पास सेव होता है. यह सिर्फ आपके फोन में ही सुरक्षित रहता है. हालांकि, इस सुविधा के तहत एक बार में अधिकतम 5,000 रुपये तक का ही पेमेंट किया जा सकता है. इससे अलग अगर यूजर चाहें तो वे पहले की तरह UPI PIN का इस्तेमाल भी जारी रख सकते हैं.
अपने फोन में बायोमेट्रिक फीचर कैसे चालू करें?इस फीचर को ऑन करना बहुत आसान है. इसके लिए-
- Paytm ऐप खोलें और Profile आइकन पर क्लिक करें.
- Settings में जाएं.
- यहां आपको 'Pay with Fingerprint' या 'Pay with Face ID' का ऑप्शन मिलेगा, दोनों में से किसी एक को चुनें.
- अब, बैंक अकाउंट सेलेक्ट करें और फिर स्क्रीन पर दिए गए स्टेप्स फॉलो करें.
- इसके बाद आप आसानी से बायोमेट्रिक से पेमेंट कर पाएंगे.
यह भी पढ़ें- YEIDA Plot Scheme 2026: नोएडा एयरपोर्ट के पास सस्ते प्लॉट खरीदने का मौका, जानें कीमत, साइज और आवेदन प्रक्रिया
बिना ATM कार्ड के निकालें कैशइसके अलावा Paytm ने कार्डलेस ATM विदड्रॉल को भी सपोर्ट करना शुरू कर दिया है. इसकते तहत अब आपको ATM से पैसे निकालने के लिए डेबिट कार्ड की जरूरत नहीं होगी. यूजर्स अब ATM स्क्रीन पर दिखने वाले QR कोड को स्कैन करके, Face ID, फिंगरप्रिंट या UPI PIN के जरिए कैश निकाल सकते हैं. इसके लिए-
- ATM पर जाकर 'UPI Cash Withdrawal' ऑप्शन चुनें और अमाउंट डालें.
- अब स्क्रीन पर दिख रहे QR कोड को Paytm ऐप से स्कैन करें.
- इसके बाद Face ID, फिंगरप्रिंट या UPI PIN डालते ही कैश मिल जाएगा.
इस सुविधा के तहत एक बार में 10,000 रुपये तक कैश निकाला जा सकता है. हालांकि, यह लिमिट बैंक और UPI नियमों के अनुसार अलग-अलग हो सकती है. ट्रांजैक्शन का कन्फर्मेशन तुरंत ऐप पर मिल जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं