Noida Electric Buses: नोएडा वासियों के लिए अब सफर करना और भी ज्यादा आसान और सुविधाजनक होने जा रहा है. शहर में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए नोएडा अथॉरिटी और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) मिलकर 50 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाएंगी. ये बसें अगले कुछ महीनों सड़कों पर दौड़ती नजर आ सकती हैं. इससे न केवल लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि यात्रियों को सस्ते और पर्यावरण के अनुकूल सफर करने का ऑप्शन भी मिलेगा. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि UPSRTC बसों का संचालन करेगा और इसमें होने वाले खर्च या नुकसान की भरपाई नोएडा प्राधिकरण करेगा. आइए जानते हैं रूट समेत अन्य जरूरी जानकारी...
यह भी पढ़ें: IPL मैच के चलते DMRC में बदली दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग, जानिए आज रात कब तक मिलेगी आखिरी मेट्रो
क्या होगा बसों का रूट?
- रूट-1: बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौड़ चौक) तक – 8 बसें, दूरी - करीब 20 किमी
- रूट-2: बॉटनिकल गार्डन से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक – 16 बसें, दूरी - करीब 60 किमी
- रूट-3: बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-62 – 12 बसें, दूरी - करीब 30 किमी
- रूट-4: बॉटनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक – 8 बसें (वैकल्पिक रूट के लिए 6 बसें)
ट्रैफिक जाम होगा कम
इन 50 इलेक्ट्रिक बसों से ट्रैफिक जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा में 12 लाख से ज्यादा पंजीकृत वाहन हैं, जिनमें 7.1 लाख दोपहिया और 3.7 लाख निजी कारें शामिल हैं. इसके साथ ही शहर में अभी 4,548 बसें, 19,800 कैब, 17,892 ऑटो‑रिक्शा और 26,997 ई‑रिक्शा चल रहे हैं.
सेक्टर 90 में बन रहा डिपो
सेक्टर‑90 में एक डिपो तैयार किया जा रहा है, जहां 20 चार्जिंग स्टेशन, एक सर्विस स्टेशन और ड्राइवर‑कंडक्टर के लिए सुविधाएं होंगी. बसों को चार्ज करने के बाद उन्हें बॉटनिकल गार्डन बस स्टैंड भेजा जाएगा. साथ ही रास्ते में चार्जिंग के लिए चार ऑपर्च्युनिटी चार्जिंग स्टेशन भी लगाए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर बसों को फिर से चार्ज किया जा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं