विज्ञापन

Noida Airport बस सेवा का नया टाइम-टेबल जारी, अब सीधे एयरपोर्ट तक चलेंगी डबल डेकर बसें

जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बस सेवा का नया टाइम-टेबल जारी किया गया है. नए शेड्यूल के साथ कुछ अहम बदलाव भी किए गए हैं. आइए जानते हैं-

Noida Airport बस सेवा का नया टाइम-टेबल जारी, अब सीधे एयरपोर्ट तक चलेंगी डबल डेकर बसें
अब सीधे एयरपोर्ट तक जाएंगी डबल डेकर बसें
(P.C- NDTV)

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक चलने वाली ई बसों का नया टाइम-टेबल जारी किया है. नए शेड्यूल के साथ कुछ अहम बदलाव भी किए गए हैं. सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब तक परी चौक तक चलने वाली डबल डेकर बसें सीधे नोएडा एयरपोर्ट तक जाएंगी. इसके अलावा कुछ नए क्षेत्रों को भी बस रूट में शामिल किया गया है, जिससे ज्यादा लोगों को इस सुविधा का फायदा मिलेगा.

सुबह 6 बजे से शुरू होगी बस सेवा

परिवहन निगम के नए टाइम-टेबल के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसों का संचालन सुबह 6 बजे से शुरू होगा. नोएडा से एयरपोर्ट के लिए आखिरी बस रात 8 बजे रवाना होगी. वहीं, एयरपोर्ट से अलग-अलग रूटों के लिए पहली बस सुबह 9 बजे चलेगी और अंतिम बस रात 11:30 बजे उपलब्ध रहेगी. ज्यादातर रूटों पर यात्रियों को हर 15 से 30 मिनट के अंतराल पर बस मिल जाएगी, जिससे लंबे इंतजार की जरूरत नहीं होगी.

अब सीधे एयरपोर्ट तक जाएंगी डबल डेकर बसें

अब तक डबल डेकर बसों का संचालन केवल परी चौक तक किया जा रहा था. नए बदलाव के बाद इनका रूट बढ़ाकर सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक कर दिया गया है. परिवहन निगम ने इन बसों की संख्या भी बढ़ाई है, ताकि यात्रियों को ज्यादा सुविधा मिल सके और भीड़ कम हो.

इन रूटों पर मिलेगी बस सुविधा
  • नए रूट के तहत नोएडा के सेक्टर-37 (बॉटनिकल गार्डन) से परी चौक और यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए बसें एयरपोर्ट तक जाएंगी.
  • ग्रेटर नोएडा की बसें इकोटेक-16, गौर सिटी, चार मूर्ति, सूरजपुर और परी चौक से होकर चलेंगी.
  • गाजियाबाद के मोहन नगर से भी बस सेवा उपलब्ध रहेगी, जो लालकुआ, चार मूर्ति, सूरजपुर, परी चौक, दनकौर और रबूपुरा के रास्ते एयरपोर्ट पहुंचेगी.
  • इसके अलावा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और आसपास के इलाकों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा गया है.
टर्मिनल तक हर 15 मिनट में शटल बस

यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल बिल्डिंग से करीब दो किलोमीटर पहले एक ई-बस स्टॉप बनाया गया है. यहां से टर्मिनल तक पहुंचने के लिए हर 15 मिनट में शटल बस उपलब्ध रहेगी. इससे यात्रियों को एयरपोर्ट के अंदर भी आसानी से आने-जाने की सुविधा मिलेगी.

एआरएम इलेक्ट्रिक बस डिपो राजेश कुमार ने बताया, जिले में करीब 100 इलेक्ट्रिक बसें पहले से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में संचालित हो रही हैं. नए टाइम-टेबल और बदले हुए रूट के बाद अब यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए पहले से बेहतर और अधिक व्यवस्थित बस सेवा मिलेगी. खासकर डबल डेकर बसों को सीधे एयरपोर्ट तक चलाने का फैसला यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा.

यह भी पढ़ें- फोन के नेटवर्क अचानक चले जाएं, तो तुरंत हो जाएं अलर्ट, जानिए SIM Swap Scam का पूरा खेल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida, Noida News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com