विज्ञापन

राशन डिपो में सरसों का तेल मिलना शुरू, जानें किन BPL परिवारों को मिलेगा कितना ऑयल

हरियाणा में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से सभी सरकारी राशन डिपो पर सरसों के तेल का वितरण शुरू कर दिया गया है. इसके तहत अन्य आवश्यक खाद्यान्न के साथ निर्धारित मात्रा में सरसों का तेल भी आसानी से उपलब्ध हो रहा है.

राशन डिपो में सरसों का तेल मिलना शुरू, जानें किन BPL परिवारों को मिलेगा कितना ऑयल
Mustard Oil with Free Ration in Haryana
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स
  • हरियाणा में बीपीएल पात्र परिवारों को राशन डिपो पर सरसों का तेल मिलना शुरू.
  • राशन डिपो पर गेहूं व अन्य खाद्यान्न के साथ सरसों का तेल मिलना शुरू हो गया है.
  • परिवार के सदस्यों के अनुसार सरसों तेल वितरण की मात्रा निर्धारित की गई है.

हरियाणा में गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) और अन्य पात्र राशन कार्डधारक परिवारों के लिए राहत वाली खबर है. खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से सभी सरकारी राशन डिपो पर सरसों के तेल का वितरण शुरू कर दिया गया है. इस कदम से अब पात्र उपभोक्ताओं को डिपो से नियमित रूप से मिलने वाले गेहूं और अन्य आवश्यक खाद्यान्न के साथ निर्धारित मात्रा में सरसों का तेल भी आसानी से उपलब्ध हो रहा है. हालांकि हरियाणा में राशन डिपो पर पात्र BPL और AAY परिवारों को मुफ्त के बजाय रियायती दर पर सरसों का तेल मिल रहा है. बताया जा रहा है कि अक्टूबर 2026 के कोटे का तेल लेने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है.

पहले आओ-पहले पाओ का नियम

तेल के वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभाग ने जिले के सभी डिपो संचालकों को कड़े निर्देश जारी किए हैं. निर्देशों के तहत डिपो स्तर पर पूर्व में बचे हुए तेल के स्टॉक को 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर प्राथमिकता से वितरित कर निस्तारित किया जा रहा है. विभाग का उद्देश्य है कि पुराना स्टॉक समय पर खत्म हो जाए, जिससे कि आगामी आपूर्ति के लिए राशन डिपो और सरकारी गोदामों में पर्याप्त जगह उपलब्ध रह सके.

राशन के साथ परिवार के सदस्यों के आधार पर सरसों तेल की मात्रा तय की गई है. 1 से 2 सदस्य के परिवार को 15 रुपये में आधा लीटर दिया जाएगा. 3 से 6 सदस्य वालों को 30 रुपये में एक लीटर और 6 या उससे अधिक सदस्य वालों को 45 रुपये में 1.5 लीटर तेल मिलेगा.

Latest and Breaking News on NDTV

e-POS मशीन से वेरिफिकेशन

राशन वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक राशन डिपो पर ई-पास (e-POS) मशीन के जरिए लाभार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन करने के बाद ही खाद्यान्न और सरसों का तेल वितरित किया जा रहा है.

जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सभी डिपो संचालकों को स्पष्ट हिदायत दी है कि वे पूरी पारदर्शिता के साथ और सरकार द्वारा निर्धारित मात्रा के अनुरूप ही उपभोक्ताओं को सामान दें. प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि वितरण प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र परिवार को अनावश्यक परेशानी या असुविधा का सामना न करना पड़े. इस पहल से राज्य के लाखों जरूरतमंद परिवारों के रसोई बजट को सीधा सहारा मिलेगा.

यह भी पढ़ें | आपके पास कौन सा राशन कार्ड है? जानिए AAY और PHH कार्ड पर हर महीने कितना मिलता है मुफ्त अनाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana, Mustard Oil, Ration Dealer, Mustard Oil Price, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com