विज्ञापन

MP मेट्रो में यात्रियों का टोटा, कोच में कर सकेंगे बर्थ डे और किटी पार्टी, ‘प्री-वेडिंग शूट' की फीस 7000 रुपये

MP Metro Birthday-Kitty Parties- Pre-Wedding Shoot: बुकिंग के वक्त प्रत्येक कोच के लिए 20,000 रुपये की सिक्योरिटी मनी देनी होगी, जो आयोजन के बाद नियमों के पालन की स्थिति में उसे वापस की जाएगी.

MP मेट्रो में यात्रियों का टोटा, कोच में कर सकेंगे बर्थ डे और किटी पार्टी, ‘प्री-वेडिंग शूट' की फीस 7000 रुपये

Pre-Wedding Shoot & Birthdays in Metro: मध्य प्रदेश मेट्रो में अब आप जन्मदिन पार्टी, ‘प्री-वेडिंग शूट', फिल्मांकन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कर सकते हैं.  इसकी घोषणा मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने की है. इसके लिए आपको 5,000 से 7,000 रुपये प्रति घंटा शुल्क देना होगा. ‘प्री-वेडिंग शूट' और किटी पार्टी के लिए अधिकतम 50 लोगों को अनुमति होगी.

MPMRCL की अनोखी पहल

दरअसल, MPMRCL ने  ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स' नामक पहल शुरू करने की घोषणा की, जिसके तहत अब मेट्रो ट्रेन और स्टेशन परिसरों में जन्मदिन पार्टी, ‘प्री-वेडिंग शूट', फिल्मांकन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों की अनुमति दी जाएगी. यह पहल ऐसे समय शुरू की गई है, जब इंदौर और भोपाल में मेट्रो को अपेक्षा के अनुरूप यात्री नहीं मिलने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है.

MPMRCL के मुताबिक, ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स' की पहल के तहत मेट्रो कोच और चयनित स्टेशन क्षेत्रों का उपयोग विभिन्न रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा और इसके लिए निर्धारित शुल्क और सुरक्षा नियम लागू होंगे.

मध्य प्रदेश मेट्रो में कर सकेंगे ‘प्री-वेडिंग शूट'

एमपीएमआरसीएल के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने कहा, 'सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स की पहल इंदौर और भोपाल की जीवंत संस्कृति, तेजी से बढ़ते शहरी परिवेश और नागरिकों की बदलती जीवनशैली को ध्यान में रखकर की गई है. यह पहल मेट्रो को आमजन के और करीब लाने का एक प्रयास है जिससे लोग अपने विशेष अवसरों को मेट्रो के सुरक्षित और आधुनिक वातावरण में मना सकें. इससे मेट्रो सेवाएं नागरिकों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनेंगी.'

शुल्क 5,000-7000 रुपये तक

अधिकारियों ने बताया कि ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स' की पहल के तहत मेट्रो में फिल्मांकन, वेब सीरीज, वृत्तचित्र, विज्ञापन निर्माण, जन्मदिन समारोह, किटी पार्टी, ‘प्री-वेडिंग शूट', छायांकन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों की अनुमति दी जाएगी. उन्होंने बताया कि इस सुविधा के तहत बिना सजावट वाले स्थिर मेट्रो कोच के लिए 5,000 रुपये प्रति घंटा और बिना सजावट वाले गतिशील मेट्रो कोच के लिए 7,000 रुपये प्रति घंटा शुल्क तय किया गया है.

पार्टी के लिए 50 लोगों की अनुमति

अधिकारियों के मुताबिक, जन्मदिन, ‘प्री-वेडिंग शूट' और किटी पार्टी के लिए अधिकतम 50 लोगों को अनुमति होगी, जबकि अतिरिक्त व्यक्तियों पर एमपीएमआरसीएल के किराया नियम लागू होंगे. उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति को बुकिंग के वक्त प्रत्येक कोच के लिए 20,000 रुपये की वापसी योग्य सुरक्षा जमा राशि भी देनी होगी, जो आयोजन के बाद नियमों के पालन की स्थिति में उसे वापस की जाएगी.

ये भी पढ़ें: बाघिन N6 बनी मां, दुर्गावती टाइगर रिजर्व में चार शावकों को दिया जन्म, स्पेशल केयर में रखा गया क्यूब

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
लेखक के बारे में
img
भाषा
Agency
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MP Metro Coaches, MP Metro, Madhya Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com