उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने दिवाली से पहले मजदूरों को सौगात दी है. सरकार ने न्यूनतम मजदूरी के साथ उनकी महंगाई भत्ते के दरों को लागू कर दिया है. उन्हें नए डीए के साथ मजदूरी दरों का लाभ 1 अक्टूबर से मिलेगा और 31 मार्च तक ये लागू रहेगा. प्रदेश के अकुशल, अर्द्धकुशल और कुशल श्रमिकों को इसका लाभ मिलेगा. मजदूरों को हर महीने 174 से 238 रुपये तक का फायदा होगा. यूपी सरकार ने 74 अधिसूचित विभागों में महंगाई भत्ते (वीडीए) की संशोधित दरें लागू की हैं. इससे श्रमिकों की न्यूनतम महीने की मजदूरी में 174 से लेकर 238 तक का इजाफा होगा. श्रम विभाग की ओर से इसका शासनादेश जारी किया गया है.
श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी में यह बदलाव जनवरी से जून तक महंगाई के भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर किया गया है. ताकि बढ़ती महंगाई के साथ मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का लाभ दिया जा सके. सरकार ने पिछले साल मजदूरी दरों में भी इजाफा किया था. नई मजदूरी दरों का लाभ उद्योग-कारखानों, प्रतिष्ठानों और विभागों में काम करने वाले अकुशल, अर्द्धकुशल और कुशल श्रमिकों को लाभ मिलेगा. संशोधित दरों के तहत श्रमिकों की न्यूनतम मासिक मजदूरी निर्धारित की गई है.
श्रमिकों की बढ़ी मजदूरी
गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में अकुशल क्षेत्र के श्रमिकों की न्यूनतम मासिक मजदूरी 13,690 से बढ़ाकर 13,883 रुपये की गई है. अर्द्धकुशल श्रमिकों की मजदूरी 15059 से बढ़ाकर 15271 रुपये की गई है. कुशल श्रमिकों की मजदूरी 16868 से बढ़ाकर 17106 रुपये कर दी गई है. इससे मजदूरों को हर महीने क्रमश: 193, 212 और 238 का फायदा मिलेगा.
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी के नेतृत्व में श्रम विभाग,उत्तर प्रदेश द्वारा श्रमिकों के आर्थिक हितों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राज्य के 74 अनुसूचित नियोजनों में कार्यरत श्रमिकों के लिए परिवर्तनीय महंगाई भत्ते (VDA) की संशोधित दरें निर्धारित की गई हैं। जनवरी से जून, 2026 के अखिल भारतीय उपभोक्ता सूचकांक के औसत 431 अंकों के आधार पर परिवर्तनीय महंगाई भत्ते का पुनर्निर्धारण किया गया है। इसके अंतर्गत प्रदेश के अकुशल, अर्द्धकुशल एवं कुशल श्रमिकों की मासिक न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि की गई है। संशोधित दरें 01 अक्टूबर, 2026 से प्रभावी होंगी तथा 31 मार्च, 2027 तक लागू रहेंगी।
— Government of UP (@UPGovt) October 27, 2026
अन्य जिलों में कितना लाभ
नोएडा और गाजियाबाद को छोड़कर नगर निगम वाले अन्य जिलों में अकुशल श्रमिकों की मासिक मजदूरी 13006 से बढ़ाकर 13190 रुपये की गई है. अर्द्धकुशल श्रमिकों की मजदूरी 14306 से बढ़ाकर 14507 की गई है. कुशल श्रमिकों की मजदूरी 16025 से बढ़ाकर 16251 रुपये तय की गई है.यानी ये बढ़ोतरी 183 से 225 रुपये तक रहेगी. यूपी के बाकी जिलों में अकुशल श्रमिकों की मजदूरी 12356 से बढ़ाकर 12,530 की गई है. अर्द्धकुशल श्रमिकों की 13590 से बढ़ाकर 13782 और कुशल श्रमिकों की 15224 से बढ़ाकर 15438 रुपये मजदूरी की गई है. इससे मजदूरों को हर महीने 174 से 214 तक का लाभ मिलेगा.
ये भी पढ़ें - यूपी कैबिनेट ने दी 4 लिंक एक्सप्रेसवे को मंजूरी, बुंदेलखंड-पूर्वांचल, गंगा समेत 4 एक्सप्रेसवे का बनेगा महानेटवर्क
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं