सुबह के नाश्ते में अगर गर्मागर्म और कुरकुरा डोसा मिल जाए, तो दिन बन जाता है. नारियल की चटनी और सांभर के साथ डोसा खाने का मजा ही कुछ अलग है. लेकिन कई लोगों की शिकायत रहती है कि वे अपने घर पर बाजार जैसा क्रंची और स्वादिष्ट डोसा नहीं बना पाते हैं या बाजार वाले बैटर में वो स्वाद नहीं आ पाता है. ऐसे में आप चाहें, तो घर पर भी डोसे का बैटर बनाकर तैयार कर सकते हैं. डिजिटल क्रिएटर बिंदेश्वरी सिंह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर डोसा बैटर बनाने की एक आसान रेसिपी शेयर की है. इस तरीके से आप घर पर ही क्रिस्पी डोसा, मसाला डोसा और सॉफ्ट इडली बनाने के लिए बैटर तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-
डोसा बैटर बनाने के लिए जरूरी सामग्री
परफेक्ट डोसा बैटर बनाने के लिए आपको-
- 3 कप इडली राइस या पुराना चावल
- 1 कप बिना छिलके वाली उड़द दाल
- 1/4 कप चना दाल
- 2 बड़े चम्मच तूर दाल
- 1 छोटा चम्मच मेथी दाना
- 1.5 कप पोहा
- 1/4 छोटा चम्मच चीनी और
- स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी.
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में चावल, उड़द दाल, चना दाल, तूर दाल और मेथी दाना डालें. अब, इन सभी चीजों को पानी से अच्छी तरह धो लें. तब तक धोएं, जब तक पानी पूरी तरह से साफ न दिखाई देने लगे.
- इसके बाद सभी चीजों को 5-6 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें.
- बैटर पीसने से करीब 5-10 मिनट पहले पोहे को भी अलग बर्तन में भिगो दें.
- अब, भीगे हुए चावल, दाल और पोहे को मिक्सर में डालकर पीस लें. ध्यान रखें कि इन्हें पीसने के लिए उसी पानी का इस्तेमाल करें, जिसमें चावल और दाल भिगोए गए थे. साथ ही एक बार में ज्यादा पानी न डालें. जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाएं. बैटर न तो बहुत ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही बहुत गाढ़ा. कंसिस्टेंसी मीडियम रखें.
- अब, तैयार बैटर को एक बड़े बर्तन में निकाल लें. इसमें करीब 1/4 छोटा चम्मच चीनी डालें और हाथों से 2-3 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें.
- इसके बाद बर्तन को ढककर किसी गर्म जगह पर 10-12 घंटे के लिए रख दें.
- 10-12 घंटे में बैटर अच्छी तरह फर्मेंट हो जाता है. मौसम ठंडा होने पर इसे फर्मेंट होने में थोड़ा ज्यादा समय भी लग सकता है.
- 12 घंटे बाद जब बैटर अच्छी तरह फूल जाए, तब आपको जितना बैटर इस्तेमाल करना है, उसे अलग बर्तन में निकालें और स्वादानुसार नमक मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
- अगर बैटर बच जाता है तो उसमें नमक न मिलाएं. आप इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रख सकते हैं और इसे 5-7 दिन तक इस्तेमाल कर सकते हैं.
इस तरह आप बड़ी ही आसानी से घर पर डोसे का बैटर तैयार कर सकते हैं और जब चाहें, घर पर क्रिस्पी-कंच्री डोसा बनाकर खा सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- कड़ी पत्ते की चटनी कैसे बनाएं? यहां पढ़ें तीखी और खट्टी-मीठी चटनी बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं