दिवाली के मौके पर लगभग सभी कंपनियां अपने-अपने कर्मियों में बोनस, उपहार और मिठाईयां बांटती हैं. इसमें कुछ प्राइवेट कंपनियां ऐसे-ऐसे उपहार बांटती हैं, जिसकी चहुंओर चर्चा होती है. जोधपुर से ऐसा ही एक मामला सामने आया है. जोधपुर की एक कंपनी ने दिवाली के मौके पर अपने बेस्ट कर्मियों को गिफ्ट में कार दिया. कंपनी की ओर से बेस्ट कर्मियों को दिए गए कार में टाटा टियागो, हुंडई आई20 और टाटा हैरियर जैसी गाड़ियां शामिल हैं.
धनतेरस पर 6 नवंबर को जोधपुर के एक रिजॉर्ट में हुए दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम में कर्मचारियों को गिफ्ट दिए गए, जिसमें उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे.

कंपनी के 4 बेस्ट कर्मियों को मिली कार
जोधपुर से चलने वाली एजुकेशन मार्केटिंग एजेंसी Mediagarh ने दिवाली गिफ्ट में अपने चार कर्मचारियों को कार दिया. इनमें टाटा टियागो, हुंडई आई20 और टाटा हैरियर जैसी गाड़ियां शामिल हैं. जोधपुर के अलावा इसके जयपुर और बेंगलुरु में भी ऑफिस हैं. कंपनी के फाउंडर पंकज बुधवानी और वंशिका बुधवानी ने बताया कि बीते तीन साल से दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम किया जा रहा है।
पिछले साल दो कर्मियों को दी गई थी कार
इस बार भी जोधपुर में ये कार्यक्रम आयोजित किया गया था. जहां कंपनी में काम करने वाले नितीन प्रताप सिंह को टाटा हैरियर, महक लालवानी को i20, प्रंजाल और अमन को टाटा टियागो कार दिवाली गिफ्ट में दी गई. कंपनी ने बताया कि पिछले साल भी दिवाली पर भी दो एम्प्लॉई को कार दी गई थी.

फाउंडर बोले- कर्मियों के कारण ही कंपनी इस मुकाम पर
इस दौरान मीडियागढ़ के संस्थापक पंकज बुधवानी ने कहा- आज कर्मचारियों की वजह से ही कंपनी इस मुकाम तक पहुंची है. ये कर्मचारियों के मेहनत, समर्पण और जिम्मेदारी के प्रतीक हैं. कम्पनी की को-फाउंडर वंशिका ने कहा- कर्मचारियों के योगदान को पहचान देना हमारे वर्क कल्चर में शामिल है.
यह भी पढ़ें - दिल्ली की कंपनी ने दिवाली गिफ्ट में कर्मचारियों को बांटे आईफोन 16, बोले- 'हमारा कोई मुकाबला नहीं'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं