- दिवाली-छठ पर स्टेशन पर यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था होगी.
- दिल्ली से लेकर कई प्रमुख स्टेशनों पर तैयारी की जा रही है.
- यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मेगा प्लान बनाया है.
दिवाली और छठ के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़े रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने की तैयारी तेज कर दी है. इसके लिए कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधा केंद्र (Yatri Suvidha Kendra) बनाए जा रहे हैं. इन केंद्रों में यात्रियों के बैठने, टिकट खरीदने और ट्रेन का इंतजार करने की व्यवस्था होगी. इसके अलावा यात्रियों को ट्रेन की सही जानकारी मिल सके इसके लिए डिस्प्ले लगाए जा रहे हैं. रेलवे ने दिल्ली से लेकर हरिद्वार और अयोध्या तक कई प्रमुख स्टेशनों पर व्यवस्था की जा रही है.
रेलवे के अनुसार, इन केंद्रों पर यात्री ट्रेन आने से पहले इंतजार कर सकेंगे. खास तौर पर बिना टिकट वाले और ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए अलग जगह बनाई जा रही है.
दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन पर भी सुविधा केंद्र
दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल पर भी यात्री सुविधा केंद्र बनाया गया है. यहां 14 टिकट काउंटर, 16 CCTV कैमरे और 4 इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं. इसके अलावा 20 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है. यहां पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग शौचालय, दिव्यांग यात्रियों के लिए शौचालय, आरओ पानी और पंखों की सुविधा भी दी गई है.

अयोध्या और हरिद्वार में भी इंतजाम
उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर बने यात्री सुविधा केंद्र में 5 टिकट काउंटर, 17 CCTV कैमरे और 20 लोगों के बैठने की व्यवस्था है. यहां महिला-पुरुषों के लिए अलग शौचालय, दिव्यांग शौचालय और बच्चों की देखभाल के लिए कमरा भी बनाया गया है.
वहीं, उत्तराखंड के हरिद्वार स्टेशन पर बने यात्री सुविधा केंद्र में 20 टिकट काउंटर और 25 CCTV कैमरे लगाए गए हैं. यहां 21 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है. इसके अलावा RO पानी, वाई-फाई , अलग-अलग शौचालय और पंखों की सुविधा भी उपलब्ध है.
उधना स्टेशन पर यात्रियों के लिए खास व्यवस्था
गुजरात के उधना रेलवे स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधा केंद्र तैयार किया गया है. यह केंद्र खास तौर पर उन प्रवासी यात्रियों के लिए उपयोगी है, जो त्योहारों के दौरान अपने घर लौटते हैं. उधना स्टेशन पर बने इस केंद्र का कुल क्षेत्रफल 10,100 वर्ग मीटर है. इसमें टिकट लेने से पहले और टिकट लेने के बाद यात्रियों के बैठने के लिए अलग-अलग जगह बनाई गई है.
यहां यात्रियों के लिए 10 टिकट काउंटर बनाए गए हैं. इसमें 120 लोगों के बैठने की व्यवस्था है, जबकि निगरानी के लिए 55 CCTV कैमरे लगाए गए हैं. वहीं ट्रेन की जानकारी देने के लिए 6 इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड हैं. पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय के साथ दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग शौचालय है. इसके अलावा आरओ पीने के पानी की सुविधा है. छोटे बच्चों को दूध पिलाने के लिए विशेष कमरा बनाया गया है. यहां यात्रियों की सुविधा के लिए Wi-Fi और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी है. इसके अलावा यात्रियों की मदद के लिए 'May I Help You' बूथ भी बनाया गया है.
इन शहरों में भी बन रहें यात्री सुविधा केंद्र
उज्जैन: यहां यात्री सुविधा केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है. इसके निर्माण के लिए सभी 28 नींव तैयार कर ली गई हैं.
भोपाल: प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 6 की तरफ यात्री सुविधा केंद्र बनाने का काम चल रहा है.
नासिक रोड: यहां निर्माण के लिए सभी 43 नींव और 3,000 वर्ग मीटर में फर्श का काम पूरा हो चुका है.
साबरमती: यहां प्रस्तावित केंद्र के लिए 79 नींव तैयार कर ली गई हैं.
माता वैष्णो देवी कटरा: यहां 41 में से 40 नींव का काम पूरा हो चुका है.
सीहोर: यहां सभी 36 नींव और 158 मीट्रिक टन स्टील का काम पूरा हो चुका है.
बांद्रा टर्मिनस: यहां यात्री सुविधा केंद्र बनाने की शुरुआती तैयारियां चल रही हैं.
रेलवे का कहना है कि इन यात्री सुविधा केंद्रों के जरिए त्योहारों और छुट्टियों के दौरान अधिक भीड़ वाले स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जाएगा. इससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने में मदद मिलेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं